नवलगढ़ में इस साल भी पूरा नहीं होगा सीवरेज का सपना
नवलगढ़. कस्बे में करोड़ों रुपए के सीवरेज प्रोजेक्ट का कार्य पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहा है। काम की गति को देखते हुए सीवरेज का सपना इस साल भी पूरा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। स्थिति ये है कि कार्य शुरू हुए ढाई वर्ष से अधिक का समय बीतने के बाद भी अभी तक प्रथम फेज का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इस वर्ष भी सीवरेज का लाभ कस्बेवाशियों को नहीं मिल पाएगा।
जानकारी के अनुसार कस्बे में सीवरेज का कार्य शुरू करने के लिए मार्च 2016 में वर्क ऑर्डर जारी हुए थे। इसके कुछ दिनों बाद ही सीवरेज का कार्य शुरू कर दिया गया था। 91 करोड़ 80 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट में अभी तक प्रथम फेज का 76 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। जबकि सीवरेज का दो फेज में काम होना है। अभी तक अधिकांश जगहों पर सीवरेज लाइनें डालने के साथ ही अग्निशमन कार्यालय के पीछे व रोडवेज बस स्टेण्ड के पास दो ट्रीटमेंट प्लांट बनाए गए हैं।
जबकि भगतों के जोहड़ के पास एक ट्रीटमेंट प्लांट और बनाया जाना है।
यहां पर पहले चिन्हित किए गए स्थान पर विवाद हो गया था। बाद में ट्रीटमेंट प्लांट के लिए इससे आगे जगह निर्धारित की गई। सीवरेज कम्पनी के कर्मचारियों की मानें तो प्रथम फेज का कार्य इस महीने के अंत तक पूरा किया जाना है।
दो बार लग चुका है जुर्माना
सीवरेज का कार्यधीमी गति से करने का खामियाजा सीवरेज कार्यकर रही पीसी स्नेहल कंस्ट्रक्शन कम्पनी को भी उठाना पड़ गया है। कस्बे में सीवरेज का कार्य 30 जून 2018 तक पूर्ण किया जाना था। लेकिन निर्धारित समय के बाद भी कई महीने बीत चुके हैं लेकिन कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस पर दो बार कंस्ट्रक्शन कम्पनी पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है।






No comments:
Post a Comment