मासलपुर. मासलपुर थानान्तर्गत खनपुरा गांव में दो दिन पूर्व हुए दो पक्षों में खूनी संघर्ष के आरोपियों की तलाश में शनिवार को पुलिस उपअधीक्षक बीएल मीना के नेतृत्व में पुलिस ने गांवों में दबिश दी। पुलिस ने गांव में आरोपियों की धरपकड़ के लिए घर-घर जाकर तलाश किया। लेकिन पुलिस को गांव में कोई भी नहीं मिला। गौरतलब है, कि पुराने विवाद को लेकर धुलण्डी की शाम को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में दलित पक्ष की दो महिलाओं समेत करीब १६ जने घायल हो गए। घटना के बाद के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों में पुलिस का भय बना हुआ है। पुलिस के भय से एक समाज के लोग गांव छोड़कर भाग गए। घरों में महिलाओं एवं छोटे बच्चों के अलावा कोई नहीं मिला। इधर पीडि़त परिवार की सुरक्षा के लिए गांव में पुलिस का पहरा बना हुआ है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए मासलपुर पुलिस के अलावा करौली से भेजे गए जाब्ते में मासलपुर थानाधिकारी श्रवण कुमार समेत करीब दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।





No comments:
Post a Comment