Breaking News
recent

हरभजन भी लोकसभा चुनाव में आजमा सकते हैं भाग्य, भाजपा ने इस सीट से लड़ने का दिया ऑफर

अमृतसर : इस बार लोकसभा चुनाव में कई क्रिकेटर के लड़ने की उम्मीद है। चेतन चौहान, अजहरुद्दीन, कीर्ति आजाद, गौतर गंभीर के बाद अब ऐसी खबरें आ रही है कि पंजाब के अमृतसर सीट से भारत के लोकप्रिय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह भी चुनाव लड़ सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने हरभजन से संपर्क कर अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। ऐसी चर्चा है कि हरभजन सिंह इस ऑफर को स्वीकार कर सकते हैं।

हरभजन सिंह ने माना मिला है ऑफर
हरभजन सिंह ने माना कि भाजपा की ओर से उन्हें पंजाब के अमृतसर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ने का ऑफर मिला है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी तय नहीं किया है कि वह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस सिलसिले में उनकी भाजपा के किसी शीर्ष नेता से मुलाकात नहीं हुई है। दूसरी तरफ भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने भी इसकी पुष्टि की कि अमृतसर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ाने के लिए पार्टी की हरभजन सिंह से बातचीत हो रही है।

सिद्धू भाजपा के टिकट पर रह चुके हैं यहां से सांसद
बता दें कि इस सीट से भाजपा की टिकट पर टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू सांसद रह चुके हैं। अब वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं और राज्य में निकाय मंत्री हैं। दूसरी तरफ हरभजन सिंह कहते हैं कि उन्हें नहीं पता कि राजनीति में शामिल होने का यह समय सही है या नहीं। यदि वह चुनाव लड़ते हैं तो तैयारी के लिए उनके पास बहुत कम वक्त है।

यहां से पिछले दो चुनाव हारी है भाजपा
इस सीट से पिछले दो चुनावों में भाजपा को हार मिली है। 2014 में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली को कांग्रेस नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के हाथों हार मिली थी। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद 2017 में हुए उपचुनाव में भी भाजपा को कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसलिए भाजपा यहां से एक मजबूत उम्मीदवार की तलाश में है। वह उम्मीद कर रही है कि अगर हरभजन सिंह यहां से चुनाव लड़ने के लिए राजी हो जाते हैं तो उनकी लोकप्रियता का लाभ उसे मिलेगा।

काफी लोकप्रिय हैं हरभजन
बता दें कि सिद्धू की ही तरह हरभजन यहां से काफी लोकप्रिय हैं। वह दुनिया के दूसरे ऑफ स्पिनर हैं, जिसने टेस्ट क्रिकेट में 400 से ज्यादा विकेट लिए हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में भी वह काफी सफल रहे हैं। उन्होंने क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है और फिलहाल वह पंजाब की ओर से खेल रहे हैं और आइपीएल में वह इस बार भी चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते दिखेंगे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.