Breaking News
recent

अलवर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, अनुभव प्रमाण पत्र बनाने के लिए ले रहा था इतने हजार की रिश्वत, रंगे हाथों दबाोचा

अलवर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार शाम को अग्रसेन चौराहे के समीप से राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के एक कनिष्ठ सहायक को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने प्रयोगशाला सहायक की नौकरी के लिए दस्तावेजों की सत्यापन रिपोर्ट तैयार कर भेजने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी अलवर के डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया क शहर के अखैपुरा मोहल्ला निवासी नरेन्द्र कुमार पुत्र रामभरोसी धानका वर्ष 2014 से राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में संविदा पर प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत है। वर्ष-2018 में प्रयोगशाला सहायक की भर्ती निकली, जिसके लिए उसने आवेदन किया। आवेदन फॉर्म के साथ उसने प्रमुख चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी अनुभव प्रमाण पत्र भी लगाया।

भर्ती प्रक्रिया के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक ने नरेन्द्र कुमार के अनुभव प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए राजीव गांधी सामान्य अस्पताल से हाजिरी व नियुक्ति सम्बन्धी दस्तावेजों मांगे। जिसकी रिपोर्ट सामान्य अस्पताल के कनिष्ठ सहायक मन्नाका रोड निवासी मनोज कुमार शर्मा पुत्र कुशालचंद शर्मा को भेजनी थी। उक्त रिपोर्ट भेजने की एवज में कनिष्ठ सहायक मनोज कुमार शर्मा ने नरेन्द्र कुमार से पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

जिसकी शिकायत नरेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे एसीबी कार्यालय में की। शिकायत का सत्यापन कराया गया। जिसमें कनिष्ठ सहायक ने परिवादी नरेन्द्र कुमार को रिश्वत की राशि लेकर शाम पांच बजे अग्रसेन चौराहे पर बुलाया। नरेन्द्र कुमार ने अग्रसेन चौराहा पहुंचकर कनिष्ठ सहायक को रिश्वत के 5 हजार रुपए दिए। इसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने कार्रवाई कर रिश्वत के आरोपी कनिष्ठ सहायक मनोज कुमार शर्मा को दबोच लिया और उसकी जेब से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद एसीबी टीम ने एनईबी थाने ले जाकर आरोपी से पूछताछ व कार्रवाई की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.