Breaking News
recent

हथियार दिखाकर नकदी व सोने की चेन लूटी

कुण्डल. गुढ़लिया-अरनिया. कोलवा थानान्तर्गत खान भांकरी के समीप गुरुवार रात लोडिंग वाहन चालक व परिचालक ने हथियार दिखाकर एक यात्री से करीब साढ़े 22 हजार रुपए लूट लिए और वाहन से सड़क किनारे एक खेत में यात्री को पटक कर चले गए। सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना का जायजा लिया और नाकाबंदी भी कराई, लेकिन आरोपितों का कोई सुराग नहीं लगा।

 

 


कोलवा थाना प्रभारी कमलेश मीणा ने बताया कि नरसिंह शर्मा निवासी मोरेड़ तहसील मकराना ने मामला दर्ज कराया कि गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपने दोस्त दयाराम यादव के साथ कार से आया था। जहां दौसा बायपास पर वह दोस्त की गाड़ी से उतर गया और सरमथुरा जाने के लिए बायपास पर वाहन का इंतजार कर रहा था।इसी बीच रात करीब डेढ़ बजे एक जयपुर की ओर से एक पिकअप (लोडिंग वाहन) आया और उसे देखकर रोक लिया और चालक ने चलने के लिए कहा तो वह लोडिंग वाहन में बैठ गया।

 

 

चालक वाहन को खानभांकरी की ओर ले जाने लगा। इस पर यात्री नरसिंह ने टोका तो चालक ने टोल टैक्स बचाने के लिए इधर होकर चलने की बात कही। इसके बाद खान भांकरी के समीप से वाहन को कच्चे रास्ते में उतारकर एक सुनसान जगह ले गए। जहां चालक व परिचालक ने कुल्हाड़ी एवं फरसा निकालकर नरसिंह को डराया और जेब में रखी करीब 22 हजार 300 रुपए की नकदी एवं सोने की चैन छीन ली।

 

 

इसके बाद आरोपित यात्री को कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे पटक कर चले गए तो नरसिंह पैदल चलकर कुछ दूरी पर स्थित गांव में पहुंच गया और मकान की एक दीवार पर अंकित बीट प्रभारी एवं थाने के नम्बर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। जहां करीब पौने तीन बजे पुलिस ने पहुंच मामले की जानकारी लेकर नाकाबंदी भी कराई, लेकिन आरोपित वाहन के साथ ही भागने में सफल हो गए। पुलिस ने इस सम्बंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

चोरी की बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार



गुढ़लिया-अरनिया. कोलवा थाना पुलिस ने शुक्रवार को अरनिया रेलवे फाटक के समीप से चोरी की एक बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी कमलेश मीणा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर गुजर रहा है। इस पर हैड कांस्टेबल महावीरसिंह, कांस्टेबल सुमेरसिंह, हरिप्रसाद व जगदीश ने मौके पर पहुंचकर युवक से बाइक के कागजात मांगे और पूछताछ की तो संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका।

 

इस पर पुलिस आरोपी चुन्नीलाल सैनी को थाने ले आई। जहां आरोपी ने बाइक बांदीकुई रेलवे स्टेशन के बाहर से चुराना स्वीकार किया। आरोपी ने बाइक के आगे व पीछे लगी नम्बर प्लेट हटाकर बैग में रख रखी थी और बाइक को डायरेक्ट स्टार्ट करके लाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में अन्य कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.