गाड़ी में शौचालय की सफाई के लिए बोला तो टीटी ने यात्री को ही घेर लिया
श्रीगंगानगर. एक यात्री ने श्रीगंगानगर-कोटा सुपरफास्ट गाड़ी में शौचालय की सफाई के लिए टीटी को कहा तो टीटी और रेलवे के अन्य कार्मिकों ने संबंधित यात्री को ही घेर लिया। इसके चलते एकबारगी गाड़ी में हंगामा हो गया।
गाड़ी में सफर कर रहे खिलाड़ी सुनील कुमार व हरीश कुमार ने बताया कि गुजरात का मूल निवासी यात्री जिगर बीकानेर से श्रीगंगानगर के लिए रवाना हुआ था। इस यात्री ने हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से पहले टीटी को शौचालय की बदहाल हालत की सूचना देते हुए इसकी सफाई करवाने के लिए आग्रह किया। यात्री ने पहले रेलवे के टीटी से बोला,फिर पुलिस कार्मिक आया तो उसको भी कहा लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। जब हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन आया तो वहां पर रेलवे कार्मिक एकत्रित हो गए और यात्री को घेरा लिया। टीटी सहित अन्य रेलवे कर्मियों ने आरोप लगाया कि उस यात्री ने गाड़ी की चेन खींची है जिस कारण उसके खिलाफ कानूनी कर्रवाई की जाएगी। डिब्बे में जिगर के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों ने उसका साथ दिया तब जाकर मामला निपटा। हंगामे के चलते हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर कुछ देर तक ट्रेन रुकी रही।
इधर, श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन के कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक बीएल गुप्ता ने बताया कि श्रीगंगानगर-कोटा एक्सप्रेस ट्रेन सुबह थोड़ी लेट जरूर हुई है। लेकिन इसमें किसी तरह के हंगामे की सूचना उन्हें नहीं है।





No comments:
Post a Comment