Breaking News
recent

प्रतापगढ़ में देश का पांच सौ वां पासपोर्टसेवा केन्द्र शुरू

- विधायक रामलाल नहीं आए कार्यक्रम में

प्रतापगढ़. जनजाति बाहुल्य प्रतापगढ़ जिले के बासिन्दों को पासपोर्ट बनवाने के लिए अब जयपुर, उदयपुर और चित्तौडगढ़़ के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। चित्तौडगढ़़-प्रतापगढ़ सांसद सीपी जोशी ने शुक्रवार को प्रतापगढ़ मुख्य डाकघर में देश का 500वां पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय का संचालन एक अप्रेल से करवाने की घोषणा की। बाद में सांसद ने प्रतापगढ़ मुख्यालय पर निर्मित होने वाले योग भवन का शिलान्यास भी किया।
सांसद जोशी ने उद्घाटन समारोह में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने कई आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब और किसान का भला करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने केन्द्र सरकार की उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पूर्व मंत्री ने जिले में विकास के कई कार्य किए हैं। उन्होंने मावली से बड़ीसादड़ी एवं नीमच तक रेल का कार्य स्वीकृत होने आदि की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पास पोर्ट सेवा केन्द्र के लिए अब लोगों को प्रतापगढ़ मुख्यालय पर ही आसानी से पास पोर्ट मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर से हवाई सेवाओं में विस्तार कार्य हो रहा है और वहां से अन्तरराष्ट्रीय विमान सेवाएं भी शीघ्र मिलने लगेंगी।
समारोह में विधायक रामलाल मीणा भी अतिथि के रूप में आमंत्रित थे। लेकिन वे नहीं आए। इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल रामभरोसा ने देश के 500वां पास पोर्ट सेवा केन्द्र प्रारंभ होने पर सांसद को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सेवाएं प्रारंभ होने के साथ ही अब मनरेगा का भुगतान हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यहां शीघ्र ही एटीएम सुविधा प्रारंभ होगी।
क्षेत्रीय पास पोर्ट अधिकारी राजेन्द्र राठौर ने पासपोर्ट सेवाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर डाकघर अधीक्षक आरएस शक्तावत सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने उद्घाटन पट्टी का अनावरण किया और विधिवत फीता काटकर पास पोर्ट सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया।
---
केन्द्रीय विद्यालय में शिक्षण कार्य एक से
सांसद ने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्रतापगढ़ में केन्द्रीय विद्यालय संचालन की स्वीकृति प्रदान की है। इसी के अनुरूप वर्तमान में जनजाति भवन में अस्थाई रूप से एक अप्रेल से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन अभियान के स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रतापगढ़ जिले को प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त होने पर नगर परिषद सभापति एवं जिलेवासियों को बधाई दी।
समारोह में नगर परिषद सभापति कमलेश डोसी ने पास पोर्ट सेवा केन्द्र खुलवाने एवं केन्द्रीय विद्यालय स्वीकृत कराने के लिए सांसद के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि चित्तौडगढ़़, उदयपुर एवं प्रतापगढ़ लोकसभा संसदीय क्षेत्र के जिले पासपोर्ट सेवा केन्द्र से जुड़ गये है। अब किसी को चित्तौडगढ़़ और जयपुर नहीं आना जाना पड़ेगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.