Breaking News
recent

खेत में चने के पौधे उखाडऩे पर टोका तो कुल्हाड़ी व लाठियों से वार कर दी थी युवक की हत्या

रोहिड़ा. थाना क्षेत्र के उपला भूला गांव में करीब पन्द्रह दिन पूर्व युवक की हत्या करने के मामले का राजफाश कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते व खेत में चने के पौधे उखाडऩे पर टोकने से हत्या करना कबूला है। पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा ने बताया कि 15 मार्च को रात में भूला की वासिया फली निवासी सोहनलाल (22) पुत्र वीराराम गरासिया की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। सूनसान स्थान पर हत्या होने से पुलिस को ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से तकनीकी समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की गई। इसमें दो आरोपियों के शामिल होने का पता चला। इस पर भूला गांव के मालपा तालाब मीठारिया फली निवासी सुरेश कुमार पुत्र कालूराम गमेती व नोनीया पुत्र बदाराम गमेती को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देना कबूला किया।
शराब के नशे में हुए झगड़े का लिया बदला
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक सोहन व आरोपी सुरेश के बीच कुछ समय पूर्व शराब के नशे में झगड़ा हुआ था। इसके बाद कई बार आमना-सामना होने पर कहासुनी होकर रह जाती थी। लेकिन घटना वाले दिन आरोपी सुरेश व नोनीया मृतक के खेत के पास बैठकर शराब पी रहे थे। साथ ही मृतक के खेत से पौधे उखाड़कर चने खा रहे थे। इस दौरान खेत की रखवाली करते हुए सोहन वहां पहुंच गया। खेत में चने के पौधे उखाड़ते देखकर उसने दोनों को टोक दिया। इस पर इनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी के दौरान सोहन ने सुरेश पर कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया लेकिन उसने कुल्हाड़ी को पकड़ लिया। इस दौरान नोनीया ने सोहन पर लकड़ी से वार कर दिया। जिस पर वह अचेत होकर नीचे गिर गया। तब आरोपियों ने कुल्हाड़ी व लाठी से वार कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने टीम का किया गठन
मामले के राजफाश को लेकर एसपी ने माउंट आबू डीएसपी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आबूरोड सदर थाना प्रभारी हंसाराम सिरवी, रोहिड़ा थाना प्रभारी भगवतसिंह, हैडकांस्टेबल देवाराम मीणा, गणेशराम, ताराराम, देवेन्द्रसिंह, साइबर सेल हैड कांस्टेबल भवानीसिंह, परबतसिंह, प्रमोदकुमार, हंसाराम, कांस्टेबल पुखराज, बद्रीनाथ, विजय कुमार, अमितकुमार, शैतानाराम को शामिल करते हुए टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए मामले का राजफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.