पाली/सोजत । सोजत कस्बे के राजपोल गेट स्थित बालाजी मंदिर के निकट रविवार को किराणा व्यापारी की स्कूटी चोर ले गए। स्कूटी की डिक्की में दो लाख रुपए, दस्तावेज व दुकान की चाबियां भी थी। चोर स्कूटी को एक किलोमीटर दूर कॉलेज परिसर में छोड़ गए और रुपए लेकर एक बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। चोरों का सुराग नहीं लगा है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कैद हुए हैं। उनकी पहचान की जा रही है।
सोजत पुलिस उपाधीक्षक चंदन सिंह ने बताया कि घांचियों की बड़ी हथाई सोजत निवासी गणपतलाल पुत्र कुनाराम घांची की बस स्टैण्ड पर होलसेल किराणे की दुकान है। रविवार सुबह वह घर से दुकान के लिए स्कूटी लेकर निकला। रोजाना की तरह वह पास में बालाजी मंदिर बाहर स्कूटी खड़ी कर मंदिर में दर्शन करने गया, पीछे से चोर उसकी स्कूटी ले गए। स्कूटी में दो लाख रुपए, चाबियां व दस्तावेज थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर कॉलेज परिसर में चोर स्कूटी छोडकऱ एक बाइक पर सवार होकर साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस को स्कूटी मिल गई, लेकिन डिक्की से रुपए गायब थे।
सीसीटीवी में कैद चोर
सीओ चंदन सिंह ने दावा किया है कि कॉलेज के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में एक चोर यह स्कूटी कॉलेज के पास रखते हुए और दूसरे साथी के साथ बाइक पर सवार होते दिख रहा है। उसकी पहचान करने का प्रयास जारी है।
पालिका के सीसीटीवी कैमरे बंद, व्यापारियों व शहरवासियों ने जताया आक्रोश
घटना के बाद शहर के व्यापारी व घांची समाज के लोगों ने अपना आक्रोश जताया। उनका आरोप था कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं, पुलिस चोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, रात में गश्त नहीं होती, इस कारण वारदातें हो रही है। व्यापार एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल भी पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस से शीघ्र राजफाश की मांग की। पुलिस ने किराणा व्यापारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।
सोजत क्षेत्र में थम नहीं रही लूट व चोरियां
सोजत क्षेत्र में चोरियां व लूट की घटनाएं थम नहीं रही है। पुलिस शहर मेंं रात को गश्त नहीं करती। 22 फरवरी को सोजत थाना क्षेत्र के नागाबेरी के निकट हाइवे पर चोर एक ट्रक से चावल के 35 कट्टे चुरा ले गए। चामुण्डा माता मंदिर से चोर सामान चुरा ले गए थे, ये वारदातें नहीं खुली, लगातार वारदातों से आमजन में दहशत है।
पुलिस जिम्मेदारी भूली, जनता लुट रही
पाली जिले में लगातार चोरियां व नकबजनी की वारदातों से आमजन परेशान है। पुलिस अपनी जिम्मेदारी भूल चुकी है। गत दिनों गुड़ा एन्दला थाना क्षेत्र के गुंदोज के निकट तोगावास स्थित हाइवे पर कार सवार तीन लुटेरे एक निजी कम्पनी के कार्मिकों की कार, नकदी व मोबाइल लूट कर भाग गए। थे। ये वारदातें नहीं खुली। इसी प्रकार गत 2 फरवरी को गढ़वाड़ा गांव में आधा दर्जन घरों में चोरी की वारदातें हुई। ये नहीं खुली। रायपुर मारवाड़ थाना क्षेत्र के पिपलिया कलां में भी चोरी की वारदातें की। पाली शहर में नया गांव रोड स्थित शराब ठेके पर चोरी की वारदात हुई। सांडेराव गांव में पांच घरों के चोरों ने ताले तोड़े। इसी प्रकार गत दिनों मुण्डारा व बाबरा गांव स्थित मकानों से चोर जेवरात ले गए। चोरी व लूट की ये सभी वारदातें पिछले दिनों हुई, जो अभी तक नहीं खुली। इन वारदातों से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।





No comments:
Post a Comment