Breaking News
recent

अभी लक्ष्य से हैं दूर, इसलिए दौड़ हुई तेज

रिपोर्ट: खुशालसिंह भाटी
जालोर. सरकारी खजाने को भरने के लिए सरकार की ओर से तय किए लक्ष्य अर्जित करने की कवायद हर महकमा कर रहा है। परिवहन विभाग भी इससे अछूता नहीं है और अपने लक्ष्य प्राप्त करने को वित्तीय वर्ष पूरा होने से पहले पूरी ताकत झौंकी जा रही है। इसमें विभागीय आला अधिकारी भी अपने महकमे के कार्मिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जुटे हुए हैं। जालोर परिवहन विभाग की बात करें तो वर्ष 2018-19 के लिए विभाग को 3497 लाख रुपए का लक्ष्य दिया गया था। फरवरी माह के अंत तक की बात करें तो विभाग की ओर से इन टारगेट के मुकाबले 2338 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया। ऐसे में जालोर परिवहन विभाग फरवरी माह तक विभाग अपने लक्ष्य से करीब 10 करोड़ दूर था, लेकिन मार्च में विभाग ने इसमें खासी तेजी लाई है और इस लक्ष्य को पूरा करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है, लेकिन इस बार यह लक्ष्य पूरा करना विभाग के लिए टेढ़ी खीर साबित होगा। वहीं भीनमाल परिवहन विभाग की बात करें तो यहां वर्ष 2018-19 का टारगेट जालोर से लगभग 10 करोड़ अधिक 44 करोड़ रुपए था। फरवरी माह तक विभाग को 37 करोड़ अर्जित करने थे, जिसका 90 प्रतिशत लक्ष्य भीनमाल परिवहन विभाग ने अर्जित कर लिया है।
पिछले साल लक्ष्य से अधिक अर्जित किया राजस्व
इस साल विभाग हालांकि लक्ष्य प्राप्ति से दूर नजर आ रहा है, लेकिन वर्ष 2017-18 की बात करें तो विभाग ने न केवल लक्ष्य प्राप्त किया, बल्कि उससे आगे निकल गया। इस साल विभाग का लक्ष्य 2503 लाख था, जिसके मुकाबले विभाग ने 2948.75 लाख रुपए अर्जित किए। जबकि वर्ष 2016-17 की बात करें तो विभाग इस साल लक्ष्य से पिछड़ा था। इस साल विभाग को 2438 लाख रुपए का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले विभाग ने 2175 लाख अर्जित किए।
नीलामी प्रक्रिया से भी होगी राजस्व प्राप्ति
परिवहन विभाग जालोर की ओर से मार्च माह के अंत में जब्त किए गए वाहनों की नीलामी की जाएगी। इन जब्त 8 वाहनों में से 6 बसें हैं, जिन्हें नीलाम किया जाना है और एक टवेरा, टेंम्पो की नीलामी होगी। नीलामी की तिथि 27 मार्च है। नीलामी तिथि से 3 दिन पूर्व तक वाहन स्वामी नियमानुसार बकाया राशि पेनल्टी जमा करवाकर वाहन छुड़वा सकता है। इसके बाद नीमाल किया जाएगा। सवेरे 11 बजे बोली लगेगी। नीलामी की अंतिम बोली जिस व्यक्ति के नाम होगी, उसे नीलामी राशि की एक चौथाई राशि तत्काल जमा करवानी होगी। शेष राशि 3 दिन के भीतर जमा करवानी होगी। इसके बाद ही वाहन सुपुर्द किया जाएगा। निर्धारित राशि जमा नहीं करवाने पर अमानत राशि जब्त होगी। इसी तरह भीनमाल परिवहन विभाग के अंतर्गत भी जब्त वाहनों की नीलामी की जाएगी, जिससे आय प्राप्त होगी।
पहले मिलता स्टाफ तो मिलता फायदा
जालोर जिले में जालोर और भीनमाल में परिवहन कार्यालय है। जालोर परिवहन विभाग की बात करें तो यहां परिवहन निरीक्षक के रूप में स्टाफ की कमी रही। एक परिवहन निरीक्षक तैनात था जो हाल ही में स्थानांतरित हु1द्म। जिसके बाद पांच निरीक्षक निरीक्षक नियुक्त हुए हैं। जिससे अब लक्ष्य प्राप्ति करने में तेजी जरुर आई है, लेकिन यही स्टाफ यदि दो माह पूर्व लगा होता तो लक्ष्य अर्जित करने में विभाग को आसानी होगी। अभी नए निरीक्षकों में भीनमाल से मदनलाल, ब्यावहर से सुशील कुमार उपाध्याय, किशनगढ़ से मुकेश कुमार, डिडवाना से शिवनारायण विश्नोई डिडवाना और सिरोही से श्रीमती अनिता पंवार को लगाया गया है।
इनका कहना
वर्ष 2018-19 में भीनमाल परिवहन विभाग के अंतर्गत करीब 44 करोड़ का लक्ष्य था। फरवरी माह तक स्थिति संतोष जनक थी और मार्च अंत तक लक्ष्य प्राप्ति कर ली जाएगी।
- ओमप्रकाश चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी, भीनमाल
जालोर परिवहन विभाग के अंतर्गत इस सत्र में करीब 34 करोड़ का लक्ष्य था। लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास किए जा रहे हैं।
- प्रेमराज खन्ना, जिला परिवहन अधिकारी, जालोर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.