प्रदेश में सबसे ज्यादा दुकानों के नहीं आए आवेदन
श्रीगंगानगर. आबकारी नीति 2019-20 के लिए मांगे गए अंग्रेजी व देशी शराब की दुकानों के आवेदनों में श्रीगंगानगर संभाग में सबसे नीचे पायदान पर सिमट गया है। जिसके चलते यहां मिला राजस्व भी सबसे कम है।
आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि जिले में 41 दुकान अंग्रेजी शराब व 322 देशी कंपोजिट दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदन आने की प्रक्रिया धीमी होने के कारण विभाग की ओर से समय बढ़ाया गया था। रविवार को दोपहर दो बजे तक आवेदन जमा किए गए और इसके बाद गेट को ताला लगा दिया गया। इस दौरान 294 देशी कंपोजिट व 41 अंग्रेजी शराब की दुकानों के लिए 3847 आवेदन आए हैं। इन आवेदनों से विभाग को 10 करोड़ 77 लाख 16 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। जो संभाग में सबसे निचले पायदान पर है। संभाग में हनुमानगढ़ जैसा छोटा जिला भी श्रीगंगानगर से अव्वल रहा है।
जिले आवेदन राजस्व रुपए में
चूरू-15256 - 42 करोड़ 71 लाख 68 हजार
बीकानेर- 11697 -32 करोड़, 75 लाख 16 हजार
हनुमानगढ़- 4325 - 12 करोड़, 11 लाख
श्रीगंगानगर-3847 - 10 करोड़, 77 लाख 16 हजार
कुल- 98 करोड़ 36 लाख रुपए
प्रदेश में सबसे ज्यादा दुकानें रही शेष
- प्रदेश में सबसे ज्यादा देशी कंपोजित की ऐसी दुकाने 28 है, जिन पर एक भी आवेदन नहीं मिल पाया है। प्रदेश में ऐसे तीन जिले ही हैं, जहां कई दुकानों पर एक भी आवेदन नहीं आ पाए हैं। इनमें हनुमानगढ़ में तीन दुकान, अजमेर में 15 दुकान व श्रीगंगानगर में 28 दुकानों पर आवेदन नहीं मिल पाए हैं। आबकारी विभाग की ओर से इन दुकानों के लिए फिर से आवेदन निकाले जाएंगे।
यह बताए जा रहे हैं कारण
- आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरू में नई शराब नीति के तहत दुकानों के आवेदन के साथ ली जाने वाली राशि बहुत ही कम थी और हजारों की संख्या में आवेदन मिलते थे लेकिन जैसे-जैसे राशि बढ़ती गई तो आवेदनों की संख्या भी कम होती गई। पिछले समय में आवेदन के साथ ली जाने वाली राशि 21 हजार रुपए थी, जिसको बढ़ाकर अब 28 हजार रुपए कर दिया गया है। कम राशि होने पर जहां एक ही व्यक्ति दो या तीन आवेदन डालता था लेकिन राशि बढऩे के कारण इस कारोबार से जुड़े लोग भी एक ही आवेदन कर रहे हैं।
आज निकाली जाएगी शराब दुकानों की लॉटरी
शराब दुकानों की लॉटरी पांच मार्च को सुबह 11 बजे जिला परिषद सभागार में निकाली जाएगी। इस दौरान जिला कलक्टर शिवप्रसाद एम नकाते, पुलिस अधीक्षक हेमंत शर्मा व आबकारी अधिकारी मौजूद रहेंगे। सबसे पहले अंग्रेजी शराब व बीयर दुकानों की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद अनूपगढ़, विजयनगर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़, श्रीकरणपुर, श्रीगंगानगर ग्रामीण व श्रीगंगानगर शहर वृत की लॉटरी निकाली जाएगी।
इनका कहना है
- जिले में 28 शराब दुकानों पर एक भी आवेदन नहीं मिल पाया है। इसके चलते संभाग में सबसे कम आवेदन आए हैं। इन 28 दुकानों के आवेदन आने के बाद राजस्व भी बढऩे की उम्मीद है। मौजूदा आवेदनों की लॉटरी निकाले जाने के बाद इन दुकानों के आवेदन फिर मांगे जाएंगे।
भूपेन्द्र सिंह, सहायक आबकारी अधिकारी श्रीगंगानगर





No comments:
Post a Comment