झुंझुनूं/पिलानी. शिक्षा नगरी पिलानी में थाने से करीब 70 मीटर की दूरी पर रिलेक्स थाईस्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा था। इसकी जानकारी वहां के लोगों को थी, लेकिन पुलिस ने इस पर कार्रवाई करने की बजाय आंख मूंद रखी थी। एसपी ने स्पेशल टीम बनाकर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
चिड़ावा पुलिस वृताधिकारी रघुवीर शर्मा व प्रशिक्षु आरपीएस अधिकारी विजेता जाखड़ ने बताया कि लुहारू रोड़ पर रिलेक्स थाई स्पा सेंटर संचालित है। सेंटर पर देह व्यापार की सूचनाओं के चलते पुलिस की स्पेशल टीम पिछले कुछ दिनों से रैकी कर रही थी। दोपहर में टीम ने एक बोगस ग्राहक को सेंटर पर भेजा तो सेंटर पर दलाल अशोक के साथ चार हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इधर बोगस ग्राहक का इशारा पाकर छापा मारा तो सेंटर पर महिला से बोगस ग्राह से लिए गए चार हजार रुपए बरामद हो गए। पुलिस ने दिल्ली निवासी महिला, चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र के गांव थिरपाली निवासी दूसरी महिला तथा सेंटर संचालक चूरू जिले के हरपालू निवासी प्रवीण प्रजापत व लाडून्दा निवासी दलाल अशोक मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल टीम में टीम प्रभारी एएसआइ वीरेन्द्र सिंह हैड कांस्टेबल सत्यनारायण, कांस्टेबल शशिकांत शर्मा, प्रदीप डागर, अमित कुमार एवं राजवीर सिंह शामिल थे।
दलाल अशोक का जिले में बड़ा नेटवर्क
पुलिस ने बताया, दलाल अशोक मेघवाल का जिलेभर में नेटवर्क फैला हुआ है।कई जगहों पर होटलों में ग्राहकों की मांग के अनुसार होटलों में युवतियों की सप्लाई करता है।कुछ दिनों पहले आरोपित सिंघाना में सक्रिय था, लेकिन पुलिस की होटल पर रेड डालने के बाद पिलानी में आ गया था।आरोपितों की ओर से युवतियां दिल्ली व आस-पास के क्षेत्रों से कांट्रेक्ट पर मंगवाई जाती है।
चार-पांच माह पहले खोला स्पा सेंटर
पुलिस ने बताया, पूछताछ में सामने आया कि हरपालू निवासी प्रवीण प्रजापत ने करीब चार-पांच माह पहले स्पा सेंटर खोला था। उच्चाधिकारियों को मुखबिर के जरिए स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाने की शिकायतें मिल रही थी।
पिलानी पुलिस पर उठे सवाल!
स्थानीय लोगों का कहना है पुलिस को हरबात की सूचना रहती है। इसके लिए उसने बीट कांस्टेबल व बीट अधिकारी तक लगा रखे हैं, फिर वे रिपोर्ट क्यों नहीं दे रहे थे? और यदि अपने अधिकारियों को रिपोर्ट दे रहे थे तो अधिकारी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे थे? यह सवाल वहां मौजूद लोगों की जुबान पर छाए रहे।
सिंघाना में पकड़ा था देह व्यापार
कुछ दिन पहले रेलवे क्रोसिंग के पास स्थित पाल होटल संचालक ढाणा निवासी सज्जन कुमार सैनी को भी पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार किया था।





No comments:
Post a Comment