Breaking News
recent

करोड़ों के इस प्रोजेक्ट की चाल ऐसी की अब तो कछुआ भी शर्माए



नवलगढ़. कस्बे में करोड़ों रुपए के सीवरेज प्रोजेक्ट का कार्य पूरा होने का नाम ही नहीं ले रहा है। काम की गति को देखते हुए सीवरेज का सपना इस साल भी पूरा होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। स्थिति ये है कि कार्य शुरू हुए ढाई वर्ष से अधिक का समय बीतने के बाद भी अभी तक प्रथम फेज का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में इस वर्ष भी सीवरेज का लाभ कस्बेवाशियों को नहीं मिल पाएगा। जानकारी के अनुसार कस्बे में सीवरेज का कार्य शुरू करने के लिए मार्च 2016 में वर्कऑर्डर जारी हुए थे। इसके कुछ दिनों बाद ही सीवरेज का कार्य शुरू कर दिया गया था। 91 करोड़ 80 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट में अभी तक प्रथम फेज का 76 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। जबकि सीवरेज का दो फेज में काम होना है। अभी तक अधिकाशं जगहों पर सीवरेज लाइनें डालने के साथ ही अग्निशमन कार्यालय के पीछे व रोडवेज बस स्टेण्ड के पास दो ट्रीटमेंट प्लांट बनाए गए हैं। जबकि भगतों के जोहड़ के पास एक ट्रीटमेंट प्लांट और बनाया जाना है। यहां पर पहले चिन्हित किए गए स्थान पर विवाद हो गया था। बाद में ट्रीटमेंट प्लांट के लिए इससे आगे जगह निर्धारित की गई। सीवरेज कम्पनी के कर्मचारियों की मानें तो प्रथम फेज का कार्य इस महीने के अंत तक पूरा किया जाना है।

दो बार लग चुका है जुर्माना
सीवरेज का कार्य धीमी गति से करने का खामियाजा सीवरेज कार्य कर रही पीसी स्नेहल कंस्ट्रक्शन कम्पनी को भी उठाना पड़ गया है। जानकारी के अनुसार कस्बे में सीवरेज का कार्य 30 जून 2018 तक पूर्ण किया जाना था। लेकिन निर्धारित समय के बाद भी कई महीने बीत चुके हैं लेकिन कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस पर दो बार कंस्ट्रक्शन कम्पनी पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है।

विधायक जता चुके हैं नाराजगी
धीमी गति से चल रहे सीवरेज कार्य को लेकर नवलगढ़ विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा भी नाराजगी जता चुके हैं। गत दिनों नगरपालिका में हुई बैठक में विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने सीवरेज कम्पनी के कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
........................................................................................................
इनका कहना है
नवलगढ़ में सीवरेज के प्रथम फेज का कार्य 76 प्रतिशत पूरा हो चुका है। दो जगहों पर एसटीपी बनाए जा चुके हैं। एक जगह पर बनाया जाना है। वहीं सीवरेज लाइनें डालने का काम भी अधिकांश जगहों पर पूर्ण हो चुका है। प्रथम फेज का कार्य पूरा होने के बाद द्वितीय फेज का काम होना है।
जयदीप, प्रोजेक्ट इंचार्ज, सीवरेज प्रोजेक्ट, नवलगढ़।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.