सादुलपुर.
राष्ट्रीय राजमार्ग-52 स्थित गांव मुंदीताल के पास अंधेरे में कार में बैठकर आईपीएल क्रिकेट मैच पर सटटा करते तीन जनों को गिरफ्तार कर 48 लाख रुपए का हिसाब बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन सटोरियों को गिरफ्तार कर एक ऑल्टो कार, लैपटॉप एवं आधा दर्जन मोबाइल तथा 4700 रुपए नकद, चार्जर आदि जब्त किए हैं। थानाधिकारी नरेश निर्वाण ने बताया कि रविवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर स्थित रतनपुरा एवं मुंदीताल के बीच गश्त के दौरान एक कार रुकवाकर जांच की तो उसमें सवार तीन व्यक्ति पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने कार की तलाशी ली। तीनों से पूछताछ करने पर कार में सवार आरोपितों ने क्रिकेट बुक्की तथा साउथ अफ्रीका एवं श्रीलंका के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा करना स्वीकार किया। इस पर पुलिस ने तारानगर थानान्तर्गत गांव आनंदसिंहपुरा निवासी मुकेश उर्फ कालू एवं रमेश कुमार, तारानगर कस्बे के वार्ड छह निवासी सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकेश के कब्जे से एक लैपटॉप, दो मोबाइल, सिम-कार्ड, चार्जर, लैपटॉप स्क्रीन तथा 2250 रुपए नकद बरामद किए। वहीं पुलिस ने 13 मार्च 2019 को इंग्लैण्ड-ऑॅस्टे्रलिया के बीच हुए मैच, 11 मार्च को चैन्नई-बैंगलुरू के बीच, 23 मार्च को कोलकाता-हैदराबाद तथा 20 मार्च को मुम्बई व दिल्ली के बीच हुए क्रिकेट मैच 27 लाख 12 हजार 40 रुपए का हिसाब-किताब आरोपियों के कब्जे से जब्त किया है। वहीं मैच के दौरान सट्टा करने वालों के विभिन्न मोबाइल नंबर भी बरामद किए हैं। इसी प्रकार दूसरे आरोपी तारानगर के वार्ड नंबर छह निवासी सुनील के कब्जे से दो मोबाइल तथा दो हजार 180 रुपए की राशि और तीसरे आरोपी रमेश कुमार के कब्जे सेे दो मोबाइल व 12 लाख 9 हजार 795 तथा 8 लाख 87 हजार 425 रुपए का हिसाब-किताब बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार व सारा समान जब्त कर मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। कार का मालिक लोकेश कुमार बताया गया है। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है तथा जांच के बाद इसमें शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
ये थे पुलिस कार्रवाई में शामिल
एएसपी नरेन्द्र मीणा ने बताया कि उक्त कार्रवाई में डीएसपी महावीरप्रसाद शर्मा तथा थानाधिकारी नरेश निर्वाण के नेतृत्व में गठित टीम में एसआई राधेश्याम, हैड कांस्टेबल दिलीपसिंह, कांस्टेबल विजय सिंह, प्रदीप, राजेश आदि शामिल थे। मीणा ने बताया कि तीनों आरोपियों से 48 लाख रुपए के करीब का हिसाब-किताब लिखा हुआ रजिस्टर बरामद किया है ।
कार में घूमकर करते हैं सट्टा
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी ऑल्टो कार में घूम कर आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लिखते हैं। तीनों आरोपियों ने अलाउद्दीन खान कायमखानी निवासी भाईजी चौक चूरू से आईपीएल क्रिकेट मैच बुक्की-सट्टा की लाइन लेना भी बताया है। तीनों जने क्रिकेट मैच के लाइव आंकड़ों एवं संभावनों पर इलेक्ट्रोनिक उपकरणों से सूचना व संचार माध्यमों का दुरूपयोग करके अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अवैध कार्य करते हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आईपीसी एवं आइटी एक्ट के धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान सरदारशहर थानाधिकारी रणवीर साईं के सुपुर्द किया है।





No comments:
Post a Comment