देवेन्द्र शर्मा/जयपुर। फिल्म स्पेशल-26 की तर्ज पर कुछ बदमाश मानसरोवर थाना इलाके में रहने वाले होटल व प्रोपर्टी व्यापारी के घर में इनकम टैक्स की रेड डालने पहुंच गए। आईटी विभाग का फर्जी नोटिस दिखाते हुए एक महिला सहित चार बदमाश धनधनाते घर में घुसे और घर में बुजुर्ग व्यापारी व उसकी दम्पत्ति से मोबाइल छीनकर एक कमरे में बिठा दिया।
करीब पांच घंटे तक बदमाश पूरे घर को खंगालते रहे और ज्वैलरी, नकदी एकत्र कर ली। इस बीच पुलिस को भी मामले की जानकारी पहुंच गई और मौके पर पहुंच कर आरोपियों को पकड़ लिया।
एसीपी मानसरोवर के के अवस्थी ने बताया कि शनिवार को गोपालपुरा बाइपास स्थित आनंदविहार निवासी व्यापारी दिनेश शर्मा (61) के घर में घुसे थे। करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली थी और कुछ ही देर में मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। गिरफ्तार आरोपी रमन सिंह (28), उसकी पत्नी नेहा (23), गौरव (21) और मंगलसिंह (62) जहांगीरपुर दिल्ली के रहने वाले हैं।
ऐसे चला घटनाक्रम
पीडि़त दिनेश शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह और पत्नी मंजू शर्मा घर में थे। तभी अचानक एक महिला व तीन पुरुष घर में घुसे और कहने लगे इनकम टैक्स विभाग से आए हैं और विभाग का एक फर्जी नोटिस दिखाया।
एक आरोपी ने पिस्टल जैसा हथियार दिखाया और धमकाया। उन्होंने हमसे मोबाइल छीन लिए और एक कमरे में बिठा दिया। आरोपी खुद ही कमरे, अलमारी, पलंग हर जगह तलाशी लेने लगे और जो भी नकदी व ज्वैलरी मिली, उन्हें एक जगह पर एकत्र कर लिया। अपराह्न करीब 3.15 बजे पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और उनके चंगुल से छुड़वाया।
कैब से आए और कार लेकर जाते
पुलिस ने बताया कि रमन टैक्सी चलाता था और उसने पत्नी के साथ वारदात की साजिश रची। उनके पास से आईटी विभाग की फर्जी सील, नोटिस, एयरगन, मास्क, नकली ढाढी, ग्लव्स बरामद किए हैं। आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
फोन से मिली सूचना
इस दौरान दिनेश के फोन पर उनके बेटे का फोन आया तो आरोपियों ने पीडि़त को फोन देते हुए कहा कि एक घंटे बाद बात करने के लिए कहे। कुछ देर बाद बहू का भी फोन आया तो उसे भी ऐसा ही कहने को कहा गया। बेटे-बहू को संदेह हुआ तो उन्होंने अपने रिश्तेदारों को कहा और उन्हें भेजा।
15 लाख में तय किया सौदा
आरोपियों ने घर में रखा सारा माल एकत्र कर उसका रिकॉर्ड लिख लिया और पीडि़त को कहा कि आपका बड़ा केस बनेगा और फंस जाओगे। डर के कारण पीडि़त ने उन्हें रफा-दफा करने की पेशकश की। आरोपी ने अधिकारी को फोन कर बताया कि 50 लाख रुपए लगेंगे। काफी देर चर्चा के बाद 15 लाख रुपए में मामला सेट किया।
आरोपियों के कहे अनुसार पीडि़त ने किसी को फोन कर रुपए लेकर आने को कहा। दो परिचित घर आए, लेकिन वह रुपए नहीं लाए। उन्होंने कहा कि 20 मिनट में जाकर आता हूं और रुपए ले आउंगा। वह जैसे ही बाहर गया तो रिश्तेदार बाहर खड़े थे और इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।





No comments:
Post a Comment