नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट वर्ल्ड कप के आयोजन में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं और उससे पहले भारत पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मसलन पुलवामा हमले के बाद भारत की ओर से यह आवाज उठ रही है कि वर्ल्डकप में भारत को पाकिस्तान के साथ नहीं खेलना चाहिए। हालांकि कुछ समर्थकों को कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला है, लिहाजा हमें खेलना चाहिए। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी दोनों देशों के बीच होने वाले मैचों को रद्द करने से मना कर दिया था। अब एक बार फिर से सोमवार को आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेव रिचर्डसन ने कहा कि आगामी विश्व कप के दौरान होने वाले भारत तथा पाकिस्तान मुकाबले पर कोई खतरा नहीं है। रिचर्डसन ने कहा कि दोनों टीमें आईसीसी के साथ खेलने को लेकर वचनबद्ध हैं और इन दोनों के बीच 16 जून को मैनचेस्टर में होने वाला मुकाबला तय समय पर होगा।
पाक के साथ क्रिकेट खेलने पर गौतम गंभीर ने जताया विरोध, कहा- मैच से कहीं ज्यादा जरूरी जवान
पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के बीच मैच को लेकर संशय बना था
बता दें कि बीते महीने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में भारत के 40 सीआरपीएफ जवानों के शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्ता में बैठे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी, जिसके बाद से भारत ने पाकिस्तान के साथ किसी भी स्तर पर क्रिकेट रिश्ता नहीं रखने की बात कही थी और तभी से इस मुकाबले पर आशंका के बादल मंडरा रहे थे। लोगों की मांग को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित प्रशासकों की समिति ने आईसीसी को पत्र लिखकर इस मैच में नहीं खेलने और बाकी देशों द्वारा भी पाकिस्तान का बहिष्कार करने की अपील की थी।
वर्ल्ड कप में खिलाड़ियों की सुरक्षा पर ICC का बयान, 'सेफ्टी हमारी पहली प्राथमिकता'
आईसीसी के साथ सभी देशों का है करार
बता दें कि भारत को न चाहते हुए भी पाकिस्तान के साथ खेलना ही पड़ेगा, क्योंकि आईसीसी के साथ सभी देशों का करार है। रिचर्डसन ने कहा, "सभी प्रतिभागी टीमों ने एक करार पर हस्ताक्षर किए हैं और इस कारण उन्हें विश्व कप के हर मैच में खेलना होगा। अगर कोई टीम खेलने से इंकार करती है तो फिर उस मैच का पूरा अंक दूसरी टीम को दे दिया जाएगा।" आपको बता दें कि पाकिस्तान ने हाल ही में रांची में खेले गए वनडे मुकाबले के दौरान भारतीय टीम ने सीआरपीएफ जवानों के श्रृद्धांजलि देने के लिए उनके द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली टोपी पहनी थी। पाकिस्तान ने इसका विरोध किया था। इस पर रिचर्डसन ने कहा कि बीसीसीआई ने इसके लिए पूर्व में ही इजाजत ले ली थी।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.





No comments:
Post a Comment