पाली. लोकतंत्र के महापर्व में आहुतियां देने के लिए मतदान केन्द्रों पर सोमवार सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी। शहर के कई मतदान केन्द्र पर तो सुबह सात बजे ही कतार लग गई। इस कारण लोगों को मतदान करने के लिए करीब आधे से एक घंटे तक खड़े रहना पड़ा। वहीं कुछ मतदान केन्द्र ऐसे भी रहे जहां मतदान के लिए इक्का-दुक्का लोग ही पहुंचे। लोकसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक 10.90 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि पाली जिले में 12.62 प्रतिशत मतदान हुआ। लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा क्षेत्र शामिल है। इनमें से पाली जिले के 5 विधानसभा क्षेत्र है। जबकि तीन विधानसभा क्षेत्र जोधपुर जिले के है।
इतना रहा मतदान प्रतिशत
लोकसभा क्षेत्र में सुबह नौ बजे तक सबसे अधिक मतदान 15.32 प्रतिशत सोजत विधानसभा क्षेत्र में हुआ। जबकि पाली विधानसभा क्षेत्र में 7.83 प्रतिशत, सुमेरपुर में 8.35 प्रतिशत, ओसिया में 7.50, मारवाड़ जंक्शन में 10.45, बिलाड़ा में 9.25, भोपालगढ़ में 12.16 तथा बाली विधानसभा क्षेत्र में 14 प्रतिशत मतदान हुआ है।
गर्मी के कारण जल्दी पहुंचे लोग
मतदान केन्द्रों पर सुबह काफी संख्या में मतदाता पहुंचे। मतदाताओं की माने तो दोपहर में गर्मी अधिक रहती है। इस कारण सबसे पहले मतदान करने आए है। इसके बाद वे अपने प्रतिष्ठान या घरों को लौट जाएंगे। जिससे दोपहर की भीषण गर्मी में उनको बाहर नहीं निकलना पड़े।
छाया का किया प्रबंध
मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए छाया व पानी की व्यवस्था की गई। जिन मतदान केन्द्रों पर धूप आ रही थी। वहां टैण्ट लगाकर छाया की गई। जबकि जहां बरामदे आदि की व्यवस्था थी। वहां इस तरह की व्यवस्था नहीं की गई। पाली के नाडी मोहल्ला स्कूल के एक बूथ पर तो टैण्ट लगाया गया, लेकिन दूसरे बूथ पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं होने से मतदाता पेड़ों की छांव में ही खड़े रहे।





No comments:
Post a Comment