सीकर. पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद चोर दिन में चोरी की वारदात कर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाने में जुटे हैं। जिसके तहत मंगलवार को भी चोर राधाकिशनपुरा स्थित चिकित्सक के फ्लैट में दिन में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सात लाख के गहने लेकर पार हो गए। इधर, घटना के बाद उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। लेकिन, चोर का सुराग नहीं लग पाया। जानकारी के अनुसार राधाकिशनपुरा में केशव अपार्टमेंट में निजी चिकित्सक शशिकांत शर्मा का चौथी मंजिल पर फ्लैट है। सुबह जब नौ बजे बाद डा. शशिकांत शर्मा अपने फ्लैट के ताला लगाकर दधिचि नगर स्थित क्लिनिक चले गए थे। उनके जाने के बाद चोर पीछे से अपार्टमेंट में घुसे और फ्लैट के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। यह कमरे में रखी अलमारी का लॉकर तोड़ा और बेड, संदूक आदि की तलाशी लेकर करीब सात लाख के गहने और जरूरी कागजात चुरा ले गए। शाम को जब चार बजे डा. शशिकांत वापस अपने फ्लैट में पहुंचे तो गेट का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। डा. के अनुसार चोर अलमारी में रखा सोने का हार, तीन जोड़ी टॉपस, एक जोड़ी कड्ड़े, मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, दो अंगूठी इसके अलावा चांदी के गहने और बर्तन आदि चुरा ले गए। इसके बाद मौके पर उद्योग नगर थानाधिकारी वीरेंद्र शर्मा पहुंचे।
10 मिनट में की वारदात
डा. शशिकांत के अनुसार उनकी पत्नी कृषि विभाग में कार्यरत है। घटना के दिन वह भी मौजूद नहीं थी। हालांकि पड़ौस के फ्लैट में एक परिवार रहता है। लेकिन, दिन में टीवी की आवाज में वे लोग उनके फ्लैट में हो रही तोडफ़ोड़ को सुन नहीं पाए। हालांकि उनका कहना था कि वे लोग दोपहर में दस मिनट सो गए थे। संभवतया इसी दौरान चोर आए और गहने आदि चुरा ले गए।
दो दिन में दूसरी चोरी
इससे पहले दिन चोर विकास कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर से चांदी का छत्र चुरा ले गए थे। इससे कुछ दिनों पहले बजाज रोड पर दिन में ही चोर साढ़े पांच लाख रुपए नगद पार कर ले गए थे। लेकिन, दोनों ही मामलों में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं।





No comments:
Post a Comment