चित्तौडग़ढ़. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीमों ने गुरूवार को चित्तौडग़ढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ कई जगह छापे डाले। नारकोटिक्स ब्यूरो प्रतापगढ़ के अधीक्षक के चित्तौड़ स्थित आवास पर 13.20 ग्राम ब्राउन शुगर मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एक हवलदार के घर 25 बोतल अंग्रेजी शराब मिलने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो की ओर से बड़ी कार्रवाई जिले के कपासन थानान्तर्गत गोराजी का निम्बाहेड़ा में हुई, जहां बड़ी मात्रा में अफीम, डोडा चूरा, अवैध हथियार और 22 लाख रूपए की नकदी मिली है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों व मुखियाओं के बीच सांठगांठ की शिकायतें मिल रही थी। विभाग के उपायुक्त सहीराम मीणा की गिरफ्तार के बाद से ही एसीबी के आला अधिकारियों की नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों और मुखियाओं की गतिविधियों पर नजर थी। एसीबी के महानिदेशक के निर्देश पर राजसमंद, चित्तौडग़ढ़, कोटा, बांसवाड़ा और जयपुर की एसीबी टीमों ने गुरूवार सुबह जिले में कई जगह छापे मारे।
एसीबी कोटा के पुलिस निरीक्षक दलवीरसिंह ने गुरूवार को अल सुबह नारकोटिक्स ब्यूरो प्रतापगढ़ के अधीक्षक हरियाणा के भिवानी जिले में तोसाम थानान्तर्गत बीरण निवासी सुधीर यादव (४६) पुत्र चंदगीराम यादव के यहां आदर्श कॉलोनी कुंभा नगर स्थित आवास पर छापा मारा। इस दौरान मकान से ब्राउन शुगर बरामद व 85 हजार रूपए बरामद हुए। ब्राउन शुगर का वजन 13.20 ग्राम हुआ। एसीबी टीम की सूचना पर सदर थाना प्रभारी नवनीत व्यास मौके पर पहुंचे और सुधीर यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच कोतवाल गजेन्द्रसिंह को सौंपी गई है।
मुखिया के घर बड़ी कार्रवाई, अधिकारियों से सांठगांठ उजागर
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजसमंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस के सहयोग से अफीम काश्तकारों के मुखिया छगनलाल पुत्र नन्दराम जाट के गोराजी का निम्बाहेड़ा स्थित घर पर छापा मारा गया। इस दौरान वहां 136.690 किलो अफीम,8.10 क्ंिवटल डोडा चूरा, 22 लाख रूपए की नकदी, अवैध पिस्टल, दो देशी कट्टे, तीन जिन्दा कारतूस बरामद हुए। एसीबी की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विपिन शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक कपासन दलपतसिंह भाटी, कपासन थाना प्रभारी बाबूलाल, भूपालसागर थाना प्रभारी संग्रामसिंह, भादसोड़ा थाना प्रभारी भवानी शंकर सहित पुलिस जाप्ता मौके पर पहुंचा। एसीबी ने नकदी के अलावा वहां मिली अन्य सामग्री पुलिस को सौंप दी।
लेनदेन की डायरियां मिली
एसीबी की टीम को गोराजी का निम्बाहेड़ा गांव में छगनलाल जाट के घर से कुछ डायरियां मिली है, जिनमें नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों से लेनदेन संबंधी हिसाब है, जिसके बारे में छगनलाल से पूछताछ की जा रही है। छगनलाल नारकोटिक्स विभाग की ओर से मुखिया नियुक्त किया हुआ है। एसीबी की टीम मुखिया से पूछताछ कर रही है। उसे अब तक पुलिस को नहीं सौंपा गया है।
हवलदार के घर मिली शराब
एसीबी कोटा के पुलिस निरीक्षक अजीत बगड़ोलिया ने टीम सहित नारकोटिक्स ब्यूरो प्रतापगढ़ व हाल अफीम अधिकारी खण्ड प्रथम चित्तौडग़ढ़ में कार्यरत हवलदार महावीर नगर प्रथम कोटा निवासी प्रवीणसिंह (५५) पुत्र स्व. राजेश सिंह राजपूत के नारकोटिक्स कॉलोनी चित्तौडग़ढ़ स्थित सरकारी आवास पर छापा मारा। इस दौरान वहां अंग्रेजी शराब की २५ बोतल पाई गई। सूचना पर कोतवाली से कोतवाल गजेन्द्रसिंह मौके पर पहुंचे और प्रवीणसिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। नारकोटिक्स विभाग के एक इंस्पेक्टर के घर से दो लाख रूपए बरामद होने की बात भी सामने आई है, लेकिन एसीबी टीम ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
भीमगढ़ में किसान के घर कार्रवाई
एसीबी टीम ने भीमगढ़ में अफीम काश्तकार किशन पुत्र कालू जाट के घर जांच की तो वहां अफीम पाई गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन किसान के पास अफीम की खेती का लाइसेंस होने व हाल ही उत्पादित की गई अफीम होने से अवैध अफीम की मात्रा का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।





No comments:
Post a Comment