बीकानेर.
सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों को कैरियर गाइडेंस के लिए स्कूल शिक्षा परिषद ने राजीव गांधी कॅरियर गाइडेंस पोर्टल शुरू किया है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के आयुक्त ने एक परिपत्र जारी कर बताया है कि कक्षा 10 वीं व 12 वीं की परीक्षा के बाद विद्यार्थियों को अपनी रुचि के कैरियर चुनने के लिए इस पोर्टल पोर्टल पर हिंदी व अंग्रेजी में 14 देशों के 200 से अधिक व्यावसायिक विकल्प, 237 से अधिक प्रोफेशन, 10 हजार से अधिक स्कूल व कॉलेजों की जानकारी, 950 से भी ज्यादा प्रकार छात्रवृत्तियों की जानकारी मिल सकेगी।
इसके अलावा इस पोर्टल पर विद्यार्थियों को 955 से भी अधिक देश व विदेश में होने वाली प्रवेश परीक्षाओं की ऑन लाइन जानकारी भी मिल सकेगी जिससे छात्र छात्राओं को अपनी रुचि के कोर्स और कैरियर चुनने का अवसर मिल सकेगा। यही नहीं राजीव गांधी कैरियर गाइडेंस पोर्टल पर विद्यार्थियों को 455 से भी अधिक कैरियर विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा।
ब्लॉक स्तर पर होंगे काउंसलिंग सेंटर
छात्र छात्राओं को कॅरियर के विकल्प चुनने के लिए राज्य, जिला व ब्लॉक स्तर पर भी राजीव गांधी कैरियर गाइडेंस व काउंसलिंग सेंटर शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा पोर्टल की मॉनिटरिंग भी ब्लॉक स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
पांच अप्रेल को होगा आमुखीकरण कार्यक्रम
सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों व पदेन जिला परियोजना समन्वयकों को अपने अधीनस्थ माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों के संस्था प्रधानों को पांच अप्रेल को अपनी स्कूलों में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को इसकी जानकारी देने, इस क्षेत्र के विशेषज्ञों को आमंत्रित करने, ऑन लाइन कैरियर पोर्टल को खोलने व उससे जानकारी लेने के तरीको के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदीप कुमार, आयुक्त स्कूल शिक्षा परिषद





No comments:
Post a Comment