जमीन से 4 फीट ऊपर लटक रही ‘मौत’
खेतड़ी. विद्युत निगम अनेक बार फीडर सुधार कार्यक्रम चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते बिजली तारों को ठीक करने की घोषणा करता रहा हो। इसके विपरीत क्षेत्र की ढाणी भरगड़ान गांव में छह महीने से जमीन से मात्र चार फीट की ऊंचाई पर झूलते बिजली के तार हादसे को न्यौता दे रहे हैं। युवक सुरेश कुमार, विक्रम सिंह, नरेश कुमार, विकास कुमार, सुनील कुमार ने बताया कि ढाणी में बिजली के तार छह माह से जमीन से मात्र चार फीट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं।
इसे ऊंचा उठाने के लिए बिजली निगम खेतड़ी में अनेक चक्कर लगाए। यहां तक की पोर्टल पर शिकायत की जा चुकी है, परंतु सुनवाई नहीं हुई। इस सम्बंध में एइएन बृजलाल ने कहा कि ढाणी भरगड़ान में झूलते तारों की जानकारी मिली है। इसकी शीघ्र जांच करवाकर टीम भेजकर ठीक करवा दिए जाएंगे।
गोशाला की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत, एसएचओ ने किया मुआयना
बिसाऊ. कस्बे में गोगामेड़ी टीले के पास स्थित गौशाला की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए महंत रविनाथ ने थानाधिकारी को लिखित में शिकायत दर्ज करवाई है। एसएचओ रामपाल मीणा ने शिकायत पर जांच करते हुए गुरुवार को मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। जिसमें महंत रविनाथ द्वारा एक व्यक्ति पर गोशाला की जमीन पर बाड़ाबंदी करने का आरोप लगाया। एसएचओ ने मौका निरीक्षण के दौरान सम्बंधित को बुलाकर पाबंद करते हुए कागजात पेश करने की बात कही।
इसी प्रकार महंत रविनाथ को गोशाला के जरिए राजस्व अधिकारियों के संज्ञान में मामला पहुंचाने के लिए कहा। एसएचओ ने कहा राजस्व मामलों में सक्षम अधिकारी ही निर्णय ले सकता है, कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है। गौरतलब है कि गौशाला की जमीन पर अतिक्रमण हटाने को लेकर गत वर्ष भी लम्बी प्रक्रिया चली थी। गिरदावर, पटवारी आदि की रिपोर्ट के बाद तत्कालीन एसडीएम अनिता धतरवाल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाए गए थे।
पिलानी में चिरस्थाई होंगी उपाध्याय की यादें
पिलानी. शिक्षा नगरी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की यादों को चिरस्थाई किया जाएगा।इसके लिए वहां जल्द ही 14 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। प्रतिमा बनाने का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दो साल तक पिलानी में पढ़ाई की थी। उनकी यादों को चिरस्थाई करने के लिए यह मूर्ति लगाई जा रही है।इसके लिए केन्द्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने राशि मंजूर की है।मंत्रालय के आदेश के अनुसार यहां फाइबर ग्लास की मूर्ति स्थापित की जाएगी।मूर्ति का निर्माण जयपुर में किया जा रहा है। सीए मनीष अग्रवाल व राजकुमार मोरवाल ने बताया कि चुनाव के बाद आचार संहिता हटते ही मूर्ति स्थापित करवा दी जाएगी।






No comments:
Post a Comment