बाड़मेर. जिले में गर्मी के मौसम को देखते हुए मनरेगा कार्यों का समय बिना विश्राम के सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।
जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता के मुताबिक ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए थे कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए मनरेगा कार्योंं का समय अपने स्तर पर निर्धारित कर सकते हैं।
ऐसे में बाड़मेर जिले में तेज गर्मी के मद्देनजर मनरेगा कार्यों का समय बिना विश्राम काल के सुबह 7 से दोपहर 2 बजे किया गया है। यदि कोई श्रमिक समूह समय से पूर्व निर्धारित टास्क पूर्ण कर लेता हैं तो वह कार्य की माप मेट के पास उपलब्ध मस्टरोल में अंकित टास्क प्रपत्र में करवाने एवं समूह के मुखिया के हस्ताक्षर उपरांत कार्य स्थल छोड़ सकता है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राजस्थान में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी दर वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए प्रतिदिन 199 रुपए निर्धारित की गई है। इसके लिए कार्रवाई संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं।





No comments:
Post a Comment