टोंक. लोकसभा चुनाव के तहत नामांकन के पहले दिन मंगलवार को टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र से एक भी प्रत्याशी ने नामांकन-पत्र पेश नहीं किया। वहीं मंगलवार को 6 तथा सोमवार को 3 आवेदन-पत्र ले जाए गए। जबकि भाजपा व कांग्रेस ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। जिला कलक्टर आर. सी. ढेनवाल ने बताया कि नामांकन-पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रेल है। ऐसे में फिलहाल राजनीतिक पार्टी समेत कुछ निर्दलीय के रूप में आवेदन-पत्र दिए गए हैं। राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशी सम्भवतया बुधवार से नामांकन-पत्र दाखिल करेंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी आर. सी. ढेनवाल ने बताया कि नामांकन-पत्र अप्रेल तक किए जाएंगे। नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा 10 अपे्रल, नाम निर्देशन वापसी 12 अप्रेल को होगी। इसके बाद मतदान 29 अप्रेल को होगा। लोकसभा चुनाव की मतगणना 23 मई को होगी।
टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र के कुल 19 लाख 38 हजार मतदाता मतदान करेंगे। चुनाव के लिए जिले में कुल 112 सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इसमें मालपुरा विधानसभा क्षेत्र में 28, निवाई में 29, टोंक में 25 तथा देवली-उनियारा में 30 सेक्टर ऑफिसर बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव से सम्बन्धित कोई भी सूचना व शिकायत के लिए 1950 टोल फ्री नम्बर पर कोई भी सम्पर्क कर सकता है।
एप से हो सकेगी शिकायतलोकसभा चुनाव की आचार संहिता
टोंक. लोकसभा आम चुनाव के लिए लगी आचार संहिता का उल्लंघन होने की शिकायत ऐप से हो सकेगी। चुनाव आयोग ने आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर लगाम लगाने के लिए सी-विजिल नाम से ऐप बनाया है। जिला निर्वाचन अधिकारी आर.सी.ढेनवाल ने बताया कि इस ऐप की मदद से कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत सीधे चुनाव आयोग को कर सकेगा। इस ऐप को कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन पर नि:शुल्क डाउनलोड कर सकता है। इस ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने के लिए व्यक्ति को डाउनलोड करने के बाद ऐप पर अकाउंट बनाकर रजिस्टर करना होगा। उपयोगकर्ता अपना मोबाइल फोन नम्बर, राज्य, जिला, विधानसभा और निवास का पता दर्ज कर अकाउंट बना सकता है।
इसके बाद शिकायत करने के लिए उसे ऐप का इस्तेमाल करते हुए फोटो या वीडियो लेना होगा। उसे 5 मिनट के अन्दर आचार संहिता के उल्लंघन से सम्बन्धित अपनी शिकायत भेजनी होगी। इस ऐप पर कोई भी व्यक्ति गोपनीय तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया को दूषित करने वाली गतिविधियों, आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना फोटो एवं वीडियो के साथ बिना पहचान उजागर किए भेज सकेगा। ये शिकायत स्वीकृत होने के बाद सिस्टम जिला नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना देगा। सूचना मिलने पर नियंत्रण कक्ष सचल दस्ते को कार्रवाई करने का निर्देश देगा। कार्रवाई के बाद शिकायत का स्टेटस अपडेट किया जाएगा और शिकायतकर्ता ऐप के माध्यम से भी उसका स्टेटस चेक कर सकेगा।





No comments:
Post a Comment