- एफसीआई कर रही गेंहू की खरीद
गंगापुरसिटी . सरकार की ओर से किसानों की उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए सोमवार से खरीद केन्द्र स्थापित कर दिए हैं। क्रय-विक्रय सहकारी समिति की ओर से उदेई मोड स्थित नवीन फल सब्जी मंडी में सरसों व चना की खरीद के लिए सोमवार को पूजा-अर्चना के साथ खरीद केन्द्र स्थापित किया गया है। इस केन्द्र पर सरसों व चना बेचने के लिए अब तक 974 किसानों ने पंजीयन कराया है।
पहले दिन इस केन्द्र पर पांच किसानों की उपज की तुलना के मैसेज थे, लेकिन पंजीयन के दौरान पी-35 व तिथि उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को सूचित कर पी-35 और दिनांक अपडेट करा कर जिंस लाने को कहा है। ऐसे में केन्द्र पर तुलाई नहीं हुई।
एफसीआई का भी केन्द्र
गेंहू की खरीद के लिए भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी यहां पहुंच गए। नई मंडी में खरीद केन्द्र का बैनर लगा दिया गया। सोमवार को अधिकारी केन्द्र व्यवस्थाओं में व्यस्त रहे। टोकन जारी करने के लिए पटवारी भी मंडी में नियुक्त कर दिए गए। भुगतान अधिकारी मिथलेश मीना ने बताया कि बारदाना भी आ चुका है। पहले दिन कोई खरीद नहीं हुई है।
यह हैं भाव
समर्थन मूल्य पर सरसो के भाव 4200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है, जबकि चना के भाव 4620 रुपए प्रति क्विटल है। वहीं गेंहू का समर्थन मूल्य 1840 रुपए प्रति क्विंटल है। वहीं मंडी में सरसों 3330 से 3599 रुपए, चना 4045 से 4100 रुपए और गेंहू 1728 से 1781 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहे हैं।
निर्धारित है गुणवत्ता मानक
समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए जिंस की गुणवत्ता के मानक निर्धारित है। सरसो में 8 प्रतिशत नमी, विजातिया तत्व 2 प्रतिशत, अन्न खाद्यान्न 10 प्रतिशत व अविकसित दाने 4 प्रतिशत मान्य है। इसी प्रकार चना में नमी 14 प्रतिशत, घुने दाने 4 प्रतिशत, अन्य किस्म का मिश्रण 5 प्रतिशत, अन्य खाद्यान्न 3 प्रतिशत तक मान्य है। गेंहू में अन्य खाद्यान्न 2 प्रतिशत, क्षतिग्रस्त दाने 2 प्रतिशत, थोड़े क्षतिग्रस्त दाने 4 प्रतिशत व सिकुडे दाने 6 प्रतिशत तक मान्य है।
यह दस्तावेज जरूरी
सरसो व चना तुलाई के समय किसान को पटवारी की मोहर सहित गिरदावरी, पी- 35 क्रमांक व दिनांक, भामाशाह कार्ड, बैंक पास बुक व आधार कार्ड साथ लाना होगा। इसी प्रकार गेंहू की तुलाई के लिए गिरदावरी, बैंक पासबुक छाया प्रति अथवा निरस्त चैक तथा एक पहचान दस्तावेज साथ लाना होगा।
किसानों को सूचित किया है
सरसो व चना बेचने को लेकर 974 किसानों को पंजीयन हुआ है। सोमवार को पांच किसानों की तुलाई के मैसेज थे, लेकिन पी-35 व दिनांक अपडेट नहीं होने से किसानों को सूचित कर अपडेट करने को कहा है। ऐसे में सोमवार को तुलाई नहीं हुई।
-राकेश कुमार शर्मा, प्रबंधक, क्रय विक्रय सहकारी समिति, गंगापुरसिटी





No comments:
Post a Comment