Breaking News
recent

मोटरसाइकिल सवार युवक ने शिक्षिका पर फेंका तेजाब, चेहरा व पीठ झुलसी

जोधपुर। जिले के देचू थानान्तर्गत जाखोड़ा गांव के पास गुरुवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने मोपेड पर विद्यालय से घर जा रही शिक्षिका पर तेजाब फेंक दिया। इससे उसका चेहरा व पीठ झुलस गई। मोपेड चला रही एक अन्य शिक्षिका पर भी तेजाब के छींटे गिरें हैं। दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल रैफर किया गया है।

पुलिस व ग्रामीणा के अनुसार मूलत: सवाई माधोपुर हाल चामूं निवासी अर्चना मीणा ग्राम पंचायत सेखाला के गांव जाखोड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है।

दोपहर एक बजे विद्यालय की छुट्टी होने पर वह अपनी एक साथी शिक्षिका के साथ मोपेड पर चामूं स्थित किराए के कमरे जा रही थी। कुछ ही दूर कच्चे मार्ग पहुंचने पर पीछे से मोटरसाइकिल सवार एक युवक पास आया और पीछे बैठी अर्चना पर तेजाब फेंक दिया। जो उसकी पीठ व चेहरे पर जा गिरा।

तेजाब के कुछ छींटे मोपेड चला रही साथी शिक्षिका के हाथ पर भी जा गिरे। चेहरा, पीठ व हाथ झुलसने से दोनों शिक्षिकाएं घबरा गईं। मोपेड अनियंत्रित होकर गिर गईं। दोनों शिक्षिकाएं भी नीचे गिरी। विद्यालय में सूचना मिलने पर एक ग्रामीण मौके पर पहुंचा।

उसने पुलिस को सूचना दी और दोनों शिक्षिकाओं को नजदीक स्थित प्राथमिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को महात्मा गांधी अस्पताल रैफर कर दिया गया।

फिलहाल हमलावर का पता नहीं चल पाया है और न ही तेजाब से हमले का कोई सुराग मिल सका है। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हमलावर की तलाश शुरू करवाई। तेजाब से हमले में झुलसने वाली अर्चना गत फरवरी में ही बतौर शिक्षिका चयनित हुई थी और जाखोड़ा स्थित विद्यालय में पहली पोस्टिंग थी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.