मण्डावर. साहब घर पर बच्चे भूखे प्यासे बैठे है और वे यहां तहसील कार्यालय पर पानी की मांगने आई हैं। ये कहना है 4 माह से पेयजल समस्या से परेशान कस्बे के बड़ कॉलोनी निवासी करीब दो दर्जन महिलाओं का। जो पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंची। जहां तहसीलदार के नहीं मिलने पर महिलाएं मुख्य दरवाजे पर आकर बैठ गई और जलदाय विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसआई बलवीर सिंह समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से समझाइश की कोशिश की, लेकिन महिलाओं ने एक नहीं सुनी और मुख्य रास्ते को रोकने की चेतावनी दी। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता महाराज सिंह गुर्जर को मौके पर बुलवाने के लिए अड़ गई।
पुलिसकर्मी ने जलदाय विभाग के जेईएन महाराज सिंह गुर्जर को मामले से अवगत करवाया। जहां गुर्जर ने आधा घण्टे में मौके पर आने की बात कही। लेकिन करीब एक घण्टे तक भी जलदाय विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचने पर महिलाओं का गुस्सा फूटा। तब एएसआई ने महिलाओं को तुरंत सप्लाई करवाने का भरोसा दिलवाकर मामला शांत करवाया।
महिलाओं ने बताया कि जब से वर्तमान कनिष्ठ अभियंता ने क्षेत्र का कार्यभार संभाला है, तब से क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। उन्होंने बताया कि जेइएन को फोन करने के बाद ना तो वो फोन उठाते हैं और ना ही कार्यालय पर बैठते है। इसके चलते लोगों की समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस मौके पर सुशीला देवी, लक्ष्मी गुप्ता, सन्तोष गुप्ता, शिमला, उर्मिला, मधु, बबिता घीया, गीता, सुनीता व रेखा सहित करीब दो दर्जन से भी अधिक महिलाएं मौजूद रही।
सप्लाई में आता है गंदा पानी
जलदाय विभाग की लापरवाही क्षेत्र में कहीं तो पानी पहुंच ही नहीं रहा है और जहां पानी पहुंच रहा है। वहां गन्दे पानी की सप्लाई हो रही है। इसी मामले को लेकर हॉस्पिटल रोड पर मंगलवार को आई सप्लाई में आए गन्दा पानी आया। स्टेट बैंक के सामने लोगों ने खड़े होकर जलदाय विभाग के जेईएन व कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
एसडीएम के आदेशों की भी नहीं की परवाह
जलदाय विभाग की लापरवाही को लेकर आए दिन लोगों की परेशानी को देखते हुए महुवा उपखण्ड अधिकारी रतनलाल योगी ने मण्डावर तहसील कार्यालय में जलदाय विभाग के जेईएन को बुलवाकर जमकर लताड़ लगाते हुए जोरदार क्लास लेते हुए व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हो पाया।
यहां - यहां गड़बड़ाई है जलापूर्ति
क्षेत्र में जलदाय विभाग की लापरवाही के कारण मुख्य बाजार, गांधी चौक, बड़ कॉलोनी, रामकृष्ण कॉलोनी, गांव मण्डावर, बलाई मोहल्ला, बैरवा मोहल्ला,गढ़ हिम्मत सिंह, हलकारा मोहल्ला सहित जगह-जगह पेयजल की समस्या बनी हुई है। जहां करीब 20 - 20दिनों में पेयजलापूर्ति होती है वो भी सिर्फ नाममात्र के लिए।
इनका कहना
बिजली कटौती के चलते जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। पानी की सप्लाईदी जा रही है। फिर भी सुधार किया जाएगा।
- महाराज सिंह गुर्जर, कनिष्ठ अभियंता,जलदाय विभाग मण्डावर।





No comments:
Post a Comment