Breaking News
recent

हनुमान जयंती पर सजेगा गजडेट हनुमान मंदिर,निकलेगी शोभा यात्रा

जैसलमेर. शहर के पुराने बिजलीघर परिसर में स्थित गजटेड हनुमान मंदिर में शुक्रवार को हनुमान जयंती महोत्सव के रूप में धूम-धाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर शुक्रवार सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर भजन संध्या एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा। हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गजडेट हनुमान मन्दिर को सजाया गया है। गजटेड हनुमान मंदिर के पुजारी किशनलाल शर्मा ने बताया कि हनुमान जयंती को धूम-धाम से मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को अंतिम रूप देकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। मंदिर को सजाया गया है। जयंती महोत्सव के आरम्भ में बुधवार शाम नवग्रह पूजन, कलश पूजन तथा विघ्नहरण भगवान गणेश की विशेष स्तुति- पूजा की गई। गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में अखण्ड रामायण पाठ आरम्भ होगा। हनुमान जयंती के अवसर पर मंदिर में मनमोहक फूलों का शृंगार कर मन्दिर को आकर्षक लाइटिंग तथा सुन्दर टेन्ट से सजाया गया है। हनुमान जयंती महोत्सव आयोजन समिति के संयोजक ग्वालदास मेहता ने बताया कि हनुमान जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह हनुमन्त पंचामृत स्नान के उपरान्त आरती-पूजा कर सुबह 8.30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभा-यात्रा गड़ीसर चौराहे से आरम्भ होकर आसनी रोड़, गोपा चौक, सदर बाजार, गांधी चौक से होकर हनुमान चौराहे होती हुई मंदिर स्थल पहुंचेगी। इस अवसर पर झांकियों में भाग लेने वाले बालक-बालिकाओं को पुरस्कृृत किया जाएगा। शुक्रवार को मंदिर में यज्ञ-हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान आदि का आयोजन कर पूर्णाहूति होगी। हनुमान जयंती के अवसर पर मंदिर परिसर में शाम 8 बजे पवनपुत्र की महाआरती के बाद भजन संध्या तथा महाप्रसादी का आयोजन होगा।
पोकरण. कस्बे में हनुमान जयंती का पर्व शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिसको लेकर विभिन्न मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी गई है। कस्बे के सालमसागर तालाब स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर, बांकना स्थित हनुमान मंदिर की रंगाई, पुताई की गई है। मंदिरों को आकर्षक रौशनी से सजाया जाएगा तथा विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड के पाठ किए जाएंगे एवं शाम के समय आरती के बाद रोटे का प्रसाद चढाया जाएगा। स्थानीय महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम के कार्यकर्ता मदन सुथार ने बताया कि क्षेत्र के सेलवी गांव में स्थित सिद्धपीठ कदली वन हनुमान मंदिर में शुक्रवार को हनुमान जयंती के मौके पर सुबह साढ़े 10 बजे पूजा-अर्चना व सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। इसके बाद आरती कर छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। इसी प्रकार शाम चार बजे महारथी मारुति सेवा सदन आश्रम में स्थित हनुमान मंदिर सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। संध्या आरती के बाद छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। यहां रात्रि में भजन संध्या के साथ प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें क्षेत्र के प्रसिद्ध भजन गायकों की ओर से भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। पूर्णिमा को कस्बे के सालमसागर तालाब के पास स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर में शुक्रवार को हनुमान जयंती का पर्व मनाया जाएगा। यहां सुबह सात बजे हनुमान प्रतिमा पर तेलाभिषेक किया जाएगा। 11 बजे शृंगार कर शाम के समय सुंदरकांड व हनुमान चालिसा का पाठ किया जाएगा तथा 201 किलो रोटे का प्रसाद चढ़ाकर आरती के बाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। इसी प्रकार कस्बे से सात किमी दूर फलसूण्ड रोड पर स्थित प्रसिद्ध बांकना हनुमान मंदिर के व्यवस्थापक लालभा गुचिया व जगदीश जोशी ने बताया कि हनुमान जयंती के मौके पर शुक्रवार को सुबह हनुमान प्रतिमा पर तेलाभिषेक, मालीपन्ने व सिंदूर से बागा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी दिन 221 किलो गेहूं के आटे का एक रोट बनाकर उसका प्रसाद चढ़ाया जाएगा। शाम के समय सुंदरकांड व विशेष आरती के बाद प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
रामदेवरा. गांव में शुक्रवार को हनुमान जयंती का पर्व मनाया जाएगा। जिसको लेकर स्थानीय हनुमान मंदिर में तैयारियां की जा रही है। मंदिर के संचालक मोतीलाल पुरोहित ने बताया कि हनुमान जयंती के मौके पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर शाम के समय 151 किलो का आटे के रोट का प्रसाद चढ़ाया जाएगा और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.