नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने आगामी क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का चयन किया है। वैसे भारतीय टीम का औपचारिक ऐलान 15 अप्रैल को होगा। सौरव गांगुली ने विश्व कप के लिए 15 खिलाड़ियों के नाम का ऐलान किया है, जिन्हें बीसीसीआई इंग्लैंड भेज सकती है।
अंबाती रायडू को नहीं किया टीम में शामिल
दादा की टीम में जो बड़े बदलाव देखने को मिले हैं, वो है अंबाती रायडू को टीम में शामिल ना करना। चौथे नंबर को लेकर टीम इंडिया में काफी माथापच्ची देखने को मिल रही है और उसके लिए अंबाती रायडू की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा गांगुली ने अपनी टीम में नए चेहरे नवदीप सैनी को जगह दी है।
चौथे नंबर के लिए विजय शंकर को माना बेहतर विकल्प
सौरव गांगुली ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में इस टीम का ऐलान किया है। टीम को लेकर गांगुली ने कहा है कि उन्होंने जिन खिलाड़ियों का चयन किया है, वो सभी वर्तमान में बेहतरीन फॉर्म में हैं। दादा ने अपनी टीम में चार नंबर पर अंबाती रायडू की जगह विजय शंकर को रखा है।
विजय शंकर के चयन पर क्या बोले दादा ?
विजय शंकर को टीम में रखे जाने को लेकर गांगुली ने कहा, “मुझे लगता है कि विजय शंकर में रायुडू से ज्यादा अच्छी तकनीकी समझ है। रायुडू को मौके मिले, लेकिन एशियाई प्रायद्वीप से बाहर उनका प्रदर्शन इतना ख़ास नहीं रहा हैं। इंग्लैंड में दो नई गेंदों से खेलने के लिए मेरे ख्याल से तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज़ की ज्यादा जरूरत होगी। जो की विजय शंकर है।”
रहाणे को भी जगह नहीं
इसके अलावा सौरव गांगुली ने धोनी के अलावा बैकअप विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल और ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया है। अजिंक्य रहाणे को सौरव गांगुली ने टीम में शामिल नहीं किया है।
विश्व कप के लिए सौरव गांगुली की टीम इंडिया
विराट कोहली ( कप्तान ) रोहित शर्मा ( उपकप्तान ), शिखर धवन, के. एल. राहुल, विजय शंकर, केदार जाधव, एम.एस. धोनी, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, यजुवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, और नवदीप सैनी।





No comments:
Post a Comment