पुलिस-रेता माफियाओं में मुठभेड़, कोबरा टीम का जवान को लगी गोली
जिला चिकित्सालय में कराया भर्ती, ऑपरेशन कर निकाली गोली
रेता भरे टे्रक्टरों का रोकने का कर रहे थी स्पेशल टीम
रेता माफियाओं के धरपकड़ के लिए क्यूआरटी टीम दे रही दबिश
धौलपुर. धौलपुर में रेता माफिया फिर से बेलगाम हो गए हैं। वहीं पुलिस के लिए चुनौती बन गए हैं। इसका नतीजा है कि रेता माफिया अब पुलिस से सीधे भिड़ रहे हैं। इसके चलते रविवार सुबह अवैध चम्बल रेता परिवहन रोकने के लिए मारौली मोड़ पर खड़ी स्पेशल कोबरा टीम पर रेता माफियाओं ने गोली चला दी। इससे एक गोली कोबरा टीम के जवान के दाहिने कंधे में जा घुसी। इस पर कोबरा टीम ने जवाबी कार्रवाई में ट्रेक्टर-ट्रॉली के टायरों को फायर कर बस्र्ट कर दिया। इससे घबराए माफिया ट्रेक्टरों को लेकर रिम के सहारे ही वापस गांव में भाग गए। बाद में टीम घायल जवान को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंची। लेकिन वहां पर एक्सरे अनुभाग नहीं खुलने के कारण तुरंत निजी चिकित्सालय में एक्सरा करवाया और फिर से राजकीय चिकित्सालय ले गए। इस दौरान पहुंचे जिला पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने अस्पताल पहुंच कर जवान के हाल चाल जाने तथा घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं तुरंत चिकित्सकों को बुलाकर ऑपरेशन की व्यवस्था कराई। इस दौरान पहुंचे पीएमओ जनार्दन सिंह परमार ने ऑपरेशन की व्यवस्था की। करीब आधे घण्टे की मशक्कत के बाद जवान के कंधे से गोली निकाली गई। इस दौरान एसपी चिकित्सालय में ही मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अजयसिंह ने बताया कि अवैध चम्बल रेता परिवहन रोकने के लिए पुलिस सख्ती बरत रही है। इसके लिए रात्रि गश्त के सुबह पांच बजे खत्म होने के बाद सुबह पांच से आठ बजे तक के लिए स्पेशल टीम गठित की गई है। जो अवैध रेता परिवहन को रोकती है। इसके तहत कोबरा टीम के जवान व पुलिस मोरौली मोड़ पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान मोरौली की ओर से दो अवैध चम्बल रेता भरे ट्रेक्टर आए। जिन पर दो-तीन लोग बैठे हुए थे। टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन रुकने के बजाय उन्होंने आगे से गोली चलाना शुरू कर दिया। इससे कोबरा टीम के जवान गोपाल पुत्र बच्चूसिंह निवासी डण्डौली को गोली लगी है। इसके बाद जवानों ने भी ट्रेक्टर-ट्रॉली के टायरों को बस्र्ट कर दिया, लेकिन माफियाओं गांव की ओर भाग गए। जिनको पकडऩे के लिए क्यूआरटी टीम रवाना कर दी है। उन्हें शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा। अवैध रेता परिवहन किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विगत एक सप्ताह में तीन बार पुलिस तथा रेता माफियाओं का आमना-सामना हो चुका है। इस दौरान पुलिस ने ट्रेक्टर -ट्रॉलियों को जब्त भी किया है। साथ ही आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है।





No comments:
Post a Comment