Breaking News
recent

टायर फटने से पत्थर टाइल्स पर चढ़ी कार, तीन की मौत

बेकाबू होकर सड़क किनारे पड़े पत्थरों पर पलटी , हादसे में अन्य दो गंभीर घायल


सायला. उपखण्ड मुख्यालय पर गुरुवार सवेरे टायर फटने से बेकाबू हुई कार सड़क किनारे पत्थर टाइल्स पर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन जनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य दो जने गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस के अनुसार सुबह एक कार तुरा से सायला की ओर आ रही थी। इस दौरान कस्बे में बागोडा रोड पर एक मार्बल प्रतिष्ठान के सामने कार का टायर फट गया तथा बेकाबू कार सड़क किनारे पड़ी मार्बल टाइल्स पर चढ़कर पलट गई। हादसे में कार सवार तुरा निवासी नरपतकुमार (25) पुत्र हरनाराम प्रजापत, सिवाणा (बाड़मेर) निवासी रणजीत (28) पुत्र पूनमाराम, पालियाली (बाड़मेर) निवासी तेजाराम (24) पुत्र प्रहलादराम प्रजापत की मौत हो गई। वहीं गुडलाई (पाली) निवासी भंवरलाल पुत्र हाजाराम गर्ग व बालोतरा (बाड़मेर) निवासी हड़मानाराम पुत्र लुकराम प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की सहायता से इनको अस्पताल पहुंचाया। सायला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रैफर किया गया। सिवाणा निवासी ओमाराम पुत्र भंवरलाल प्रजापत की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शवों का सायला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में पोस्टमार्टम किया गया।


कार के उड़ गए परखच्चे
एकदम से हुए इस हादसे के बाद मौके पर लोग एकत्र हो गए। एकबारगी तो लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ कि कार टाइल्स पर चढ़ी कैसे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टायर फटने के धमाके के साथ ही लोगों ने इस दिशा में देखा भी, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक कार के परखच्चे उड़ चुके थे। एकाएक हुई इस घटना के बाद लोग सकते में आ गए।

अधिकारियों ने लिया जायजा
शहर के बागोडा रोड पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार मादाराम मीणा भी पहुंचे तथा घायलों के बारे में जानकारी ली। साथ ही घायलों को समुचित उपचार देने के निर्देश दिए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अन्यत्र रैफर कर दिया। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों को भी सूचना भेजी तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

मदद को आगे आए ग्रामीण
हादसे के तत्काल बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। अस्पताल में भी लोगों का जमावड़ा रहा। लोगों ने एम्बुलेंस बुलाने एवं अस्पताल में उपचार करवाने को लेकर घायलों की मदद की। अस्पताल पहुंचे घायलों के परिजनों को दिलासा दी तथा उपचार से लेकर रैफर करवनो तक हरसंभव सहयोग किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.