Breaking News
recent

मेले के रेले में रोडवेज का बेड़ा

गंगापुरसिटी . करौली के कैलादेवी मेले में माता के दरबार में मत्था टेकने जाने वाले श्रद्धालुओं को सुगम सफर देने के लिए रोडवेज का बेड़ा सोमवार से मुस्तैद हो गया। श्रद्धालुओं को सफर कराने के लिए प्रदेशभर से करीब 400 बसें यहां लगाई हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन पर अस्थाई बस स्टैण्ड बनाया गया है। ट्रेन से यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को माता के दरबार तक पहुंचाने के लिए किराये में भी सभी को 30 प्रतिशत की छूट दी गई है।


उत्तर भारत के प्रसिद्ध कैला देवी मेले में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। राजस्थान के साथ उत्तरप्रदेश से भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में रोडवेज ने मौके को भुनाने के लिए बसों की ‘फौज’ खड़ी की है। राजस्थान के हर कोने से रोडवेज की बसें मेले में पहुंचने वाले यात्रियों के लिए लगाई गई हैं। एक अनुमान के मुताबिक कैला देवी मेले से रोडवेज को पांच से छह करोड़ रुपए की आय होती है। मेेले में बसें सोमवार से दौडऩा शुरू हो गईं, जो 20 अप्रेल तक मेले में रहेंगी।


यात्री भार के अनुसार चलेंगी बस


गंगापुर में रेलवे स्टेशन के बाहर रोडवेज प्रशासन की ओर से अस्थाई बस स्टैण्ड बनाया है। इसके अलावा हिण्डौन, भरतपुर एवं धौलपुर डिपो की बसें यात्री भार के अनुसार डिपो से संचालित होंगी। इन डिपो की बसें गंगापुर नहीं लगाई गई हैं। जरूरत के अनुसार यहां से बसें कैलादेवी मेले में यात्रियों को पहुंचाने के लिए लगाई जाएंगी।


30 प्रतिशत की छूट


रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों के लिए स्पेशल किराया रखा है। गंगापुर से कैलादेवी तक जाने का किराया अन्य दिनों में 50 रुपए रहता है, लेकिन मेला स्पेशल किराये में रोडवेज ने 30 प्रतिशत की छूट दी है। यह महिला एवं पुरुष दोनों पर लागू रहेगी। यह छूट भी कैलादेवी भवन जाने वाले यात्रियों के लिए रहेगी। इससे पहले उतरने वाले यात्रियों को टिकट पर छूट नहीं दी जाएगी।


अभी पदयात्रियों को ला रहीं बस


अभी कैलादेवी मेले में जाने वाले यात्रियों का रेला ठीक ढंग से शुरू नहीं हुआ है। अब बसें कैलादेवी मां के दरबार में पैदल पहुंचे यात्रियों को लाने का काम कर रही हैं। इधर से बसें खाली जाकर उधर से भरकर आ रही हैं। पांच से सात दिन बाद यात्रियों की भरमार यहां होगी। फिलहाल मेले से लौटने वाले यात्रियों के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बहार है। बड़ी संख्या में पदयात्री यहां ट्रेनों का इंतजार करते देखे जा रहे हैं।


अतिक्रमण ने बढ़ाया समय


रोडवेज बस से गंगापुर से कैलादेवी पहुंचने का समय करीब डेढ़ घंटे का है, लेकिन स्टेशन के पास बजरिया में लग रहे जाम के चलते यात्रियों एवं रोडवेज प्रशासन को खासी कोफ्त हो रही है। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि बजरिया में जाम लगने के कारण बसें आधा घंटा तक लेट हो रही हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन से शिकायत कर अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने की मांग की गई है।


इनका कहना है


अभी बसें पैदल यात्रियों को यहां तक पहुंचा रही हैं। छठ तिथि के बाद यात्रियों में इजाफा होगा। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से करीब 400 बसें मेला यात्रियों के लिए लगाई गई हैं। किराये में भी 30 प्रतिशत की छूट दी है।
- मदनमोहन शर्मा, बुकिंग परिचालक रोडवेज



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.