जालोर. अवैध रूप से बिक रही शराब और शराब पीकर नियमों को धत्ता बता रहे अपराधियों की अब नकेल कसी जा रही है। इन पर पुलिस का डंडा चलना शुरू हो गया है। ऐसे में शराब पीकर अपराध की राह पर बढऩे वाले अपराधियों की शामत आ रही है। पुलिस ने इस सम्बंध में जिलेभर में अभियान चला रखा है। एकदम से शुरू हुई कार्रवाई के बाद इस तरह के अपराध करने वालों में हड़कम्प मचा हुआ है। पिछले तीन दिनों में ही पुलिस कार्रवाई का आंकड़ा सौ के पार पहुंच चुका है। अवैध रूप से शराब बेचे जाने और नशे की हालत में अपराध करने वालों की संख्या बढऩे को लेकर राजस्थान पत्रिका ने हाल ही में चिंता जताई थी। पुलिस कप्तान ने इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए तत्काल ही नशेड़ी अपराधियों के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
बढ़ रहे इस तरह के अपराध
अभियान के तहत पुलिस शराब पीकर उत्पात मचाने एवं लोगों को परेशान करने वाले अपराधियों को पकड़ रही है। साथ ही अवैध रूप से शराब बेचने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों की भी धरपकड़ की जा रही है। लगातार बढ़ रहे इस तरह के अपराध का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज तीन दिनों में ही पुलिस कार्रवाई का आंकड़ा सौ के पार चला गया।
हल्के अपराध के भयावह परिणाम
आमतौर पर नशे की हालत में वाहन चलाना और आम रास्ते में ही बैठकर शराब पीने के मामलों को लोग हल्के में लेते हैं, लेकिन इनका परिणाम भयावह रहता है। नशे की हालत में वाहन चला रहे चालक की चपेट में आने से अक्सर बड़े और गंभीर हादसे हो चुके हैं। राह चलते लोगों को भी शराबी तत्वों से जुझना पड़ता है। ऐसे में पुलिस का यह कदम सराहनीय प्रयास साबित होगा।
अभियान के तहत पकड़े 106 मामले
पुलिस ने अभियान के तहत तीन दिनों में ही इस तरह की 106 कार्रवाई की है। शराब के नशे में राह चलते लोगों को परेशान करने के मामले में 18, नशे की हालत में वाहन चलाने के 15 व शांतिभंग के मामले में 73 कार्रवाई की गई है। साथ ही अवैध रूप से शराब बेचे जाने के तीन मामले पकड़े हैं। पुलिस की इस धरपकड़ के बाद शराब के नशे में अपराध करने वालों में हड़कम्प मच गया है।
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
उल्लेखनीय है कि गत 13 अप्रेल को 'अपराध से पहले ठेके पर दस्तक, शराब गटककर बढ़ाते कदमÓ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। इसमें बताया था कि अपराध की राह पर बढऩे वाले कदम सबसे पहले ठेकों पर दस्तक दे रहे हैं। रात को भी आसानी से शराब मुहैया हो रही है, जिससे अपराध को बढ़ावा मिल रहा है। इस तरह के मामलों की रोकथाम को लेकर पुलिस व आबकारी को सख्त कदम उठाने की जरूरत जताई गई।
जालोर कोतवाली में सर्वाधिक
पुलिस ने जालोर कोतवाली थाना क्षेत्र में सर्वाधिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। शराब के नशे में राह चलते लोगों को परेशान करने, नशे की हालत में वाहन चलाने, उत्पात मचाने व अवैध रूप से शराब बेचने सम्बंधी कार्रवाई के तहत जालोर में कुल 56 मामले पकड़े गए हैं। इसी तरह आहोर में 9, नोसरा में एक, सायला में 5, बागरा में एक, बागोड़ा में 4, रामसीन में 7, जसवंतपुरा में एक, भीनमाल में 13, रानीवाड़ा में एक, सांचौर में 4, सरवाना में 2, करड़ा में 3, भाद्राजून में 2 मामले पकड़ में आए हैं। झाब में एक भी कार्रवाई नहीं हुई।
कार्रवाई लगातार चलेगी...
शराब के नशे में अपराध करने वालों की संख्या बढ़ रही है। इस तरह के अपराध को कम करने के लिए अवैध रूप से बिक रही शराब और नशेडिय़ों की नकेल कसना आवश्यक है। इसके लिए अभियान शुरू कर दिया है। इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उम्मीद है इस तरह के अपराध का आंकड़ा जल्द ही कम होगा।
- केसरसिंह शेखावत, एसपी, जालोर





No comments:
Post a Comment