मेहंदीपुर बालाजी. क्षेत्र में रविवार रात अंधड़ के साथ आई तेज बारिश ने जमकर कहर बरपाया। अंधड़ में कहीं पर पेड़ तथा कहीं टीनशेड उडऩे से काफी नुकसान हुआ है। बारिश से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। देर रात हुई बारिश के दौरान करोड़ी गांव में एक खेत मे आकाशीय बिजली गिरने से गेहूं के खलिहान में भीषण आग लग गई। बारिश में भीगने के बावजूद 2 बीघा से ज्यादा खेत का खलिहान धू-धू जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना लोगों ने मेहंदीपुर बालाजी पुलिस थाने में तथा पुलिस कंट्रोल रूम पर दी।
सूचना पर दौसा व बांदीकुई से पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। खेत पर जाने का रास्ता नहीं होने के कारण दो दमकल सड़क पर ही खड़ी रही। लोगों ने भी आग बुझाने के भरसक प्रयास किए। इसके बावजूद किसान रामखिलाड़ी मीना के 2 बीघा खेत का पूरा खलिहान जलकर राख हो गया।
आग से किसान को करीब 2 लाख का नुकसान होना बताया जा रहा है। सोमवार सुबह पटवारी अनिता मीना व सरपंच प्रतिनिधि मेघराम मीणा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। पटवारी ने बताया कि नुकसान के बारे में रिपोर्ट तैयार कर ली है। जिसे कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त किसान को मुआवजा देने की मांग की है।
चौदह घंटे रही बिजली गुल
बसवा पत्रिका. कस्बे में तेज अंधड़ के कारण तार टूट जाने से चौदह घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार रात आठ बजे तेज अंधड़ के कारण तहसील मुख्यालय के सामने खेल मैदान में बिजली का तार टूट गया। इस कारण रामगुणी, कोठीन, भगत की ढाणी, रेलवे स्टेशन के सामने की बिजली गुल हो गई। गर्मी के चलते लोगों ने रातभर जागकर निकाली। सोमवार सुबह दस बजे बिजली आपूर्ति चालू हुई। लोगों ने बताया कि विद्युत निगम ने लाखों रुपए खर्च कर एफआरटी की टीम लगा रखी है, लेकिन कस्बे में एफआरटी की टीम भी समय पर आकर लाइट ठीक नहीं करती।
आग से हजारों रुपए का नुकसान
कुण्डल पत्रिका. लोटवाडा गांव में अचानक एक छप्परपोश में आग लगने से हजारों रुपए का सामान जल गया।
ग्रामीणों ने बताया कि रामकिशन बैरवा के परिवार के सभी लोग खेतों पर फसल कटाई के कार्य में जुटे हुए थे। अचानक ही उनके छप्परपोश घर में आग लग गई। लपटें उठते देख ग्रामीणों ने पीडि़त को फोन पर सूचना दी, लेकिन तेज हवा चलने के कारण चंद पलो में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसके चलते देखते ही देखते आंखों के सामने सबकुछ जलकर खाक हो गया।
पीडित रामकिशन बैरवा ने बताया कि आग से घर में रखे छह बोरी गेहूं, तूडा(गेहूं का भूसा), बिस्तर, चारपाई सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। छप्परपोश में आग लगने के बाद पीडि़त की पत्नी और ब"ाों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे सरपंच और सचिव ने घटना का जायजा लेकर पीडित परिवार को ढाढ़स बंधाया।





No comments:
Post a Comment