तेज लू की चेतावनी के बीच राहत के छींटे पडऩे की संभावना
-तामपान और बढ़ेगा, अधंड़ करेगा परेशान
बाड़मेर. थार में गर्मी का असर और बढ़ेगा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में तेज लू चलने की आशंका जताई है। बाड़मेर में मंगलवार को तेज गर्मी का असर देखा गया। दिन का तापमान 42.0 तथा रात का 24.9 डिग्री रेकार्ड किया गया। अगले कुछ दिनों में पारा 43 डिग्री से अधिक होने की आशंका है।
गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। दिन में धूप अब सुबह से ही परेशान कर रही है। दोपहर में तो तेज धूप से झुलसने की स्थिति पैदा हो रही है। इसके कारण सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है।
जूस और गन्ने के रस से राहत के जतन
तेज गर्मी से राहत के जतन भी शुरू हो गए हैं। जूस और गन्ने के रस की दुकानों और ठेलों पर लोगों की भीड़ दिखाई देने लगी है। शहर में जगह-जगह लगे गन्ने के ठेलों पर सुबह से शाम तक लोग गर्मी से राहत पा रहे हैं।
अंधंड़ के साथ पड़ सकते हैं छींटे
मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान सहित बाड़मेर में तेज गर्मी की चेतावानी जारी की है। इसका असर 3 से 6 अप्रेल तक जारी रहेगा। इस बीच जिले में 4 व 5 अप्रेल को अंधड़ चलने के साथ रात के समय छींटे पडऩे की संभावना भी जताई गई है। विभाग की मानें तो फिलहाल गर्मी से राहत का कोई संकेत नहीं है।
इस बार गर्मी के टूट रहे हैं रेकार्ड
थार में इस बार गर्मी के रेकार्ड टूट रहे हैं। पिछले दिनों गर्मी की दस्तक के साथ बाड़मेर लगातार प्रदेश का सबसे ज्यादा गर्म शहर बन गया है। पिछले सात दिनों से लगातार थार में सबसे अधिक तापमान रेकार्ड किया गया है।





No comments:
Post a Comment