गंगापुरसिटी . बामनवास क्षेत्र में गर्मी की दस्तक के साथ ही गोवंश का जान पर बन आती है। अभी गर्मी पूरी तरह परवान पर भी नहीं चढ़ पाई है कि डूंगरपट्टी (कोचर) इलाके में चारे-पानी के अभाव में गोवंश के हालात बिगडऩे लगे हैं।
भूख और प्यास से व्याकुल गोवंश दम तोडऩे लगा है। इसके चलते सैंकड़ों किलोमीटर लम्बाई में फैले डूंगरपट्टी एरिया में अब गोवंश के कंकाल नजर आने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से भी गोवंश के लिए चारे-पानी की किसी तरह की व्यवस्था नहीं की गई है। कोचर ढाणी में स्कूल के निकट बनी तलाई में ही गोवंश प्यास बुझाने को मजबूर है तो पेट भरने के लिए चारे का जुगाड़ नहीं है। भूख-प्यास से असहाय गोवंश चलने-फिरने की स्थिति में नहीं होने से अब गर्मी और धूप के तेज से भी दम तोडऩे लगा है।
स्थानीय निवासी रामकेश पोसवाल ने बताया कि कुछेक भामाशाहों की ओर से गत दिनों अवश्य पानी के टैंकरों से जलापूर्ति कराई गई। ताकि गोवंश की प्यास बुझ सके, लेकिन चारे की व्यवस्था के लिए अभी न तो प्रशासन आगे आया और न ही कोई भामाशाह। ऐसी स्थिति में गोवंश के हालात असहज बने हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार यदि शीघ्र ही यहां चारे-पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई तो गत वर्षों जैसे हालात उत्पन्न हो सकते हैं। गत वर्षों के दौरान भूख प्यास के चलते सैंकड़ों गोवंश काल कलवित हो गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से कोचर क्षेत्र में गोवंश के लिए शीघ्र चारे पानी की व्यवस्था कराने की गुहार की है।





No comments:
Post a Comment