Breaking News
recent

अंधड़ के बाद से अंधेरे में डूबी है इस गांव के लोगों की जिंदगी

उदयपुर/ गोगुंदा. सायरा क्षेत्र के पदराड़ा गांव में बाधित विद्युत आपूर्ति से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। करीब ६ दिन पहले आए अंधड़ के दौरान गुल हुई बिजली यहां वापस से नहीं आई है। इस बीच बंद बिजली से क्षेत्र के बाशिंदों की दिनचर्या चरमराई हुई है। गर्मी के दिनों में गुल बिजली लोगों के लिए कोढ़ में खाज बनी हुई है। बगैर चार्जिंग से बंद पड़े मोबाइल के बीच लोगों का सबसे संपर्क कट गया है। वहीं परीक्षाओं के बीच बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। आटे की चक्की भी खराब पड़ी हुई है। इधर, अजमेर विद्युत वितरण निगम के सायरा खण्ड के कनिष्ठ अभियंता अमरिंदरसिंह ने बताया कि अंधड में बिजली के पोल गिर गए थे। इससे सप्लाई कार्य बाधित है। जल्द ही व्यवस्था सुधार किया जाएगा।
5 दिन से बंद है थ्री फेज बिजली
मावली तहसील क्षेत्र की गोलवाड़ा ग्राम पंचायत के वाजविया गांव में बीते ५ दिनों से थ्री-फेज विद्युत आपूर्ति बंद है। इससे स्थानीय लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय किशनलाल गुर्जर ने बताया कि अव्यवस्था से गांव एवं समीपवर्ती इलाकों में प्याऊ खाली पड़ी हुई है। पशुओं और मवेशियों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। जनता जल योजना से जुड़े उपभोक्ताओं को भी जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह मामले को लेकर कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचित कर चुके हैं, लेकिन अब तक भी व्यवस्था सुधार के लिए कोई जतन नहीं किया गया। समस्या से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.