Breaking News
recent

सिंगापुर ओपन : पुरुष एकल मुकाबले में भारत की शानदार शुरुआत, किदांबी समेत चार जीते

सिंगापुर : सिंगापुर ओपन के पुरुष एकल मुकाबले में बुधवार को भारत की शुरुआत बेहतरीन रही। आज भारत की ओर से शीर्ष वरीय खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत समेत एचएस प्रणय, पारुपल्ली कश्यप और समीर वर्मा पहले दौर का अपना-अपना मुकाबला जीतकर दूसरे दौर में पहुंच गए। वहीं भारत के एक शटलर साईं प्रणीत के हाथ निराशा लगी। उन्हें पहले दौर में हार का मुंह देखना पड़ा।

श्रीकांत और समीर को मिली आसान जीत
पुरुष वर्ग में किदांबी श्रीकांत और समीर वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर सीधे दो सेटों के एकतरफा मुकाबले में आसान जीत दर्ज की। पुरुष एकल वर्ग में टूर्नामेंट छठी सीड लेकर उतरे श्रीकांत ने थाईलैंड के सिथिकोम थामसिन को 41 मिनट तक चले मुकाबले में लगातार दो गेम में 21-17 21-18 से हराया। स्कोर जरूर बराबरी का दिख रहा है, लेकिन थामसिन कभी भी श्रीकांत को चुनौती करते नहीं दिखे। किदांबी का अब अगले दौर में हेंस क्रिस्टियन सोल्बर्ग विटिंग्स से मुकाबला होगा। ठीक इसी तरह समीर वर्मा ने भी एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड के सुपान्यू एविहिंगसन को 21-14, 21-6 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया, जहां उनके सामने लु गुआग्जु की चुनौती होगी। दूसरे गेम में तो सुपान्यू एकदम हत्थे से उखड़े नजर आए और वर्मा ने आसानी से उन्हें हरा दिया।

प्रणय और कश्यप को करना पड़ा संघर्ष
विश्व नंबर-21 एचएस प्रणय का पहले दौर में विश्व नंबर-34 खिलाड़ी फ्रांस के ब्राइस लेवरडेज से था। यह मुकाबला तीन सेट तक गया। एक घंटे से भी अधिक समय तक चले तीन गेम तक चले इस मुकाबले में प्रणय के हाथ 11-21, 21-16, 21-18 से जीत लगी। इस जीत के साथ प्रणय ने लेवरडेज के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 2-1 का कर लिया। दूसरे दौर में उनका मुकाबला दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी जापान केंटो मोमोटा से होगा। मोमोटा से वह अब तक एक भी मुकाबला नहीं हैं। उनसे हुए पिछले तीन मुकाबले में वह हार चुके हैं।
वहीं एक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में विश्व नंबर-42 पारुपल्ली कश्यप ने पहले दौर में विश्व वरीयता क्रम में 28वें नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के रासमस गेमको को 46 मिनट तक चले मुकाबले में 21-19, 21-14 से मात दी। इसी के साथ रासमस के खिलाफ जीत-हार का अपना करियर रिकॉर्ड उन्होंने 3-1 का कर लिया है। अब अगले दौर में उनका मुकाबला चौथी सीड चीन के चेन लोंग से होगा। लोंग के साथ हुई भिड़ंत में उन्हें दो मैचों में जीत मिली है तो सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा।

प्रणीत पहले दौर में हारकर बाहर
पुरुष एकल वर्ग में आज भारत के हाथ एक ही निराशा लगी। बी साई प्रणीत विश्व नंबर एक खिलाड़ी जापान के केंटो मोमोटा के हाथों हार कर बाहर हो गए। हालांकि हारने से पहले उन्होंने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। उनसे जीत के लिए मोमोटा ने एक घंटे 15 मिनट तक कोर्ट पर पसीना बहाना पड़ा। तीन गेम तक चले कड़े संघर्ष के बाद मोमोटा ने प्रणीत को 19-21, 21-14, 22-20 से हराया।

प्रणीत ने पहला गेम 21-19 से जीतकर मोमोटा के खिलाफ अच्छी शुरूआत की। लेकिन दूसरे गेम में वह पीछे रह गए 14-21 से गेम गंवा बैठे। तीसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीव कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। दोनों खिलाड़ी तीसरे और निर्णायक गेम में एक समय 20-20 की बराबरी पर थे। लेकिन फिर इसके बाद मोमोटा ने लगातार दो अंक लेकर 22-20 से गेम और मैच समाप्त कर दिया। इसके साथ ही मोमोटा का प्रणीत के खिलाफ जीत-हार का करियर रिकॉर्ड 2-2 का हो गया। मोमोटा ने पिछले विश्व चैम्पियनशिप में भी प्रणीत को हराया था।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.