सीकर.
प्रसव पीड़ा से करहाती महिला और तनाव में आए परिजनों को अब जिले के एकमात्र सबसे बड़े सरकारी जनाना अस्पताल (एमसीएच) में विदेशों की तर्ज पर लेबर रूम में हीलिंग साउंड थैरेपी मिलेगी। गायत्री मंत्र सहित विशेष प्रकार के संगीत के जरिए दी जाने वाले थैरेपी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की है। इससे यहां आने वाली महिलाओं को मानसिक सुकून भी मिलेगा। गौरतलब है कि परियोजना निदेशक (मातृत्व स्वास्थ्य) डॉ तरूण चौधरी के निर्देशन में यह व्यवस्था लेबर रूम में शुरू करवाई गई थी।
इसलिए की गई कवायद
जनाना अस्पताल के प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थियेटर और स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में दी जा रही है। हीलिंग साउण्ड एक विषेष प्रकार का संगीत होता है, जिसको सुनने से सभी लोगों को दर्द, पीड़ा व मानसिक परेशानी दूर होती है। एमसीएच का लेबर रूम प्रदेश स्तरीय स्वास्थ्य मानकों को पूरा करता है। यही कारण है कि विभाग की ओर से आगामी दिनों में लक्ष्य कार्यक्रम के तहत दिल्ली की टीम भी यहां का निरीक्षण करने आएंगी। इसके बाद इसे ऑपरेशन थियेटर तथा एसएनसीयू में शुरू करवाया गया।
इनका कहना है
जनाना अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर कर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग के उच्चाधिकारियों ने भी निरीक्षण के दौरान एमसीएच के लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर तथा एसएनसीयू की व्यवस्थाओं की सराहना की है। विभाग की ओर से हिलिंग साउण्ड थैरेपी का नवाचार किया गया है, जिससे महिलाओं का दर्द व पीडा से ध्यान हटा जाए और उनको आराम मिले सके। इससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी।
डॉ. बीएल राड, प्रभारी अधिकारी एमसीएच विंग जनाना अस्पताल सीकर





No comments:
Post a Comment