Breaking News
recent

पुलिस की लाइसेंसी हथियारों पर नजर

बीकानेर. विधानसभा के बाद अब लोकसभा चुनाव में जिला पुलिस व प्रशासन की ओर से लाइसेंसशुदा हथियार जमा कराने की सख्ती बरती जा रही है। लेकिन अवैधथियारों की धरपकड़ की पुलिस के पास कोई योजना ही नहीं है। हालात यह है कि लाइसेंसी हथियार तो जमा हो रहे हैं लेकिन अवैध हथियारों से वारदातें की जा रही है। पुलिस की सख्ती के बावजूद जिले में जारी ४०८६ लाइसेंसशुदा हथियार भी जमा नहीं हुए हैं। अब तक ४८६ हथियार जमा होने शेष हैं। पुलिस विभाग हथियार तय समयावधि तक जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।
जिलेभर में ४०८६ से अधिक लोगों को लाइसेंसधारी हथियार जारी किए हुए हैं। चुनावों में कानून व्यवस्था न बिगड़े और किसी तरह का फसाद न हो इसके लिए पुलिस व जिला प्रशासन लाइसेंसधारी हथियार रखने वाले लोगों को पाबंद किया है कि वे चुनाव से पहले हथियार संबंधित थानों में जमा कराए। उन्हें २५ अप्रेल तक हथियार जमा कराने की हिदायत दी गई है। इससे पहले सभी हथियारधारियों को निर्देशित किया गया है कि तय समयावधि में हथियार जमा नहीं कराने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की विशेष टीम भी गठित
जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से तकरीबन ४०८६ हथियारों के लाइसेंस जारी किए हुए हैं लेकिन अवैध हथियारों का कोई अनुमान नहीं है। आए दिन कोई न कोई व्यक्ति से अवैध हथियार बरामद किए जाते हैं। अब तक हजारों हथियार बरामद हो चुके हैं और लगातार बरामद हो रहे हैं। पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक लाइसेंसशुदा हथियारों का पुलिस के पास आंकड़ा है लेकिन अवैध हथियारों को लेकर पुलिस की हालत खराब है। ऐसा कोई आंकड़ा ही नहीं है कि जिले में इतने अवैध हथियार हो सकते हैं। पुलिस अवैध हथियार रखने और दूसरे राज्यों से हथियारों के लाइसेंस बनवाकर लाने वालों का पता लगाने में जुटी है, इसके लिए एक विशेष टीम भी गठित की हुई है।
तो होगी कार्रवाई
&जिलेभर के थानो में हथियार जमा हो रहे हैं। अब तक ३६०० हथियार जमा किए जा चुके हैं। चुनाव से पहले हथियार जमा नहीं कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
प्रदीप मोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक।

 


नगालैंड से लाइसेंस प्रकरण से मचा था हड़कंप
प्रदेशभर के कई लोगों ने फर्जी तरीके से नगालैंड से हथियारों के लाइसेंस बनवा लिया। इस मामले का खुलासा गत वर्ष उदयपुर पुलिस ने किया। इसके बाद बीकानेर में नयाशहर पुलिस थाने में एएसपी सुरेन्द्रसिंह की रिपोर्ट पर पांच व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। वहीं इस बहुचर्चित मामले को लेकर प्रदेशभर में हड़कंप मच गया था। दूसरी ओर नागालैंड से हथियार लाइसेंस बनवाने वाले लोगों में से २१ के लाइसेंस दीमापुर के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश से रद्द किए गए थे। बीकानेर पुलिस ने नागालैंड से हथियार लाइसेंस बनवाकर लाने वाले ८४ लोगों को चिन्हित किया और यह सूची नागालैंड पुलिस व जिला प्रशासन को भेजी थी। हथियारों के लाइसेंस बनवाने वालों की सूची में ३४ के खिलाफ अपराधिक रिकॉर्ड बताया था।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.