- नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए फोन कर राशि मांगने का मामला
- जिला कलक्टर से मिले स्कूल प्रिंसिपल
- अभिभावकों के पास अब भी आ रहे ठगों के कॉल
पाली। नवोदय स्कूल की प्रवेश परीक्षा के बाद अभिभावकों व स्कूल संचालकों के पास प्रवेश सुनिश्चित करने के एवज में राशि जमा कराने के कॉल बुधवार को भी आए। उनको रजिस्ट्रेशन नम्बर, बच्चे का नाम, प्राप्तांक आदि बताकर नम्बर बढ़ाने और प्रवेश निश्चित होने की गारंटी देकर दस से चालीस हजार रुपए तक जमा कराने का झांसा दिया गया। हालांकि अभी तक किसी अभिभावक की ओर से यह राशि जमा कराने की सूचना पुलिस या स्कूल प्रशासन तक नहीं पहुंची है, लेकिन स्कूल प्रशासन ने बुधवार को सिरियारी थाने जाकर मामले की जानकारी दी। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने यह कहकर स्कूल प्रशासन के कार्मिकों को लौटा दिया कि आज थानेदार साहब नहीं है। आप प्रार्थना पत्र देकर जाए। कल थानेदार साहब के आने पर इस मामले में बात करेंगे।
पुलिसकर्मियों ने बताया नहीं दर्ज हो सकती एफआइआर
स्कूल प्रशासन की माने तो उनके सिरियारी थाने में जाने पर पुलिसकर्मियों ने थानेदार के नहीं होने हवाला दिया। उनका कहना था कि किसी अभिभावक ने झांसा देने वालों के खातें में रुपए जमा नहीं करवाए है। किसी अभिभावक के खाते से रुपए भी नहीं कटे है। इस कारण एफआइआर दर्ज नहीं हो सकती है। ऐसे में आप एप्लीकेशन दे दीजिए। हम इसके आधार पर जांच करेंगे।
कलक्टर ने दिया आश्वासन
इस मामले में स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. जेसी कलवावत ने स्कूल के एक शिक्षक के साथ जिला कलक्टर दिनेशचन्द्र जैन से मुलाकात की। उनको घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। इस पर कलक्टर ने इस मामले में ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जयपुर से नहीं दिल्ली से आया कॉल
‘हम दिल्ली से बोल रहा हूं। आपके बच्चे ने इस बार नवोदय का एग्जाम दिया है। आप कौनसी कास्ट के है ओबीसी, एससी या एसटी। आपकी बच्ची का पांच नम्बर का रैंक कम रहा। आप एडमिशन करवाना चाहते है तो रैंक बढ़वा लिजिए। आपको 20 हजार रुपए जमा करना पड़ेगा। करवाना है तो आज की डेट में पैसे जमा करवा लिजिए। सौ में से 89 नम्बर आने पर भी एडमिशन नहीं होगा। मिस्टर विकास कुमार दिल्ली के नाम एकाउंट में करवा दीजिए। आपके बच्चे का प्रोसेस में डाल देता हूं...’ यह कॉल पांचेटिया गांव के एक व्यक्ति के पास आया। उनसे बीस हजार रुपए की मांग की गई। इस कॉल में भी बोलने वाली की भाषा वैसी ही थी, जैसी पहले वाले कॉल में थी, लेकिन बोलने वाले ने विकास कुमार के नाम से रुपए जमा करवाने को कहा।





No comments:
Post a Comment