अलवर. जिले के नागरिकों ने आगामी लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के घोषणा पत्र से अलग अपना एजेंडा तैयार किया है। राजस्थान पत्रिका की पहल पर चेंजमेकर अभियान के तहत अलवर जिले के एजेंडे पर मंथन किया गया। इस मंथन में वक्ताओं ने कहा कि अलवर में विकास की दरकार है। विकास के साथ राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चुनाव लड़े जाएंगे। इसके बावजूद अलवर जिले के एजेंडे पर कार्य करना होगा।
बीएल पब्लिक स्कूल के सभागार में जन एजेंडे की हुई बैठक में 50 से अधिक जिले भर के विभिन्न भागों से आए विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने जन एजेंडा तैयार किया। बैठक में राजस्थान पत्रिका अभियान के चेंजमेकर डॉ. धर्मराज शर्मा ने कहा कि अलवर के नागरिक अब विकास और भावनाओं के मुद्दे में से एक का चयन करेगी। अलवर में विकास की दरकार है जिसके आधार पर एजेंडा तैयार होना चाहिए। कोई भी प्रत्याशी वोट मांगने आए तो उससे सवाल-जवाब करना चाहिए कि वह अलवर जिले के विकास के लिए किस तरह कार्य करेगा। चेंजमेकर मोहित डूडेजा ने कहा कि अलवर के लोगों को अपनी ताकत पहचाननी होगी। यहां के जन प्रतिनिधि प्रयास करें तो विकास और तेज हो सकता है।
भावनाओ में नहीं बहे, अपनी ताकत पहचाने : बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुद्दल ने कहा कि उन्माद और भावनाओं के घटाघोप में राष्ट्रीय मुद्दें तलाशें जा रहे हैं। यदि किसी भी राजनीतिक दल का घोषणा पत्र देखेंगे तो पता लगेगा कि उन्होंने इसकी 25 प्रतिशत घोषणाएं भी पूरी नहीं की है। हमें भावनाओं के तल पर कमजोर बनाकर वोट मांग रहे हैं जो सही नहीं है। अलवर में मेडिकल कॉलेज, ईएसआई अस्पताल, यमुना का पानी ओर हाई स्पीड ट्रेनों के मुद्दों पर बात करें। शिक्षाविद् एलआईईटी ग्रुप के निदेशक राजेश भारद्वाज का कहना है कि सभी दल टिकट जाति के आधार पर दे रही है। इसके बावजूद हमें विकास को भूलना नहीं चाहिए। एनसीआर रीजन में शामिल अलवर जिले में विकास की विपुल संभावनाएं हैं। अलवर जिले के पर्यटक स्थलों का विकास हो तो यहां का विकास और तेज हो सकता है। शिक्षाविद् सुमन बिल्खा ने कहा कि अलवर में विकास को नई गति मिलनी चाहिए। यहां के औद्योगिक क्षेत्रों का विकास हो और युवाओं के लिए स्पोर्टस एकेडमी बने। शिक्षाविद् सुनील बिल्खा ने कहा कि इस समय जातिवाद और भावनाओं के मुद्दों पर नहीं अलवर के विकास को प्रथम प्राथमिकता देनी होगी।
युवाओं को राजनीति से परहेज
जन एजेंडा की बैठक में स्वयं सेवी संस्था से जुड़ी युवा अनुराधा दुबे का कहना है कि युवाओं को राजनीति से परहेज होने लगा है जो प्रजातंत्र के लिए अनुकूल नहीं है। अलवर जिले में फ्लोराइड वाला पानी बड़ी समस्या है।
युवा लता भोजवानी ने कहा कि युवाओं को देश की दिशा तय करनी चाहिए। अलवर में युवा बेरोजगार हैं। यहां स्तरीय उच्च शिक्षण संस्थानों की कमी है। खाद बीज विक्रेता संघ के सचिव पंकज जोशी का कहना था कि जीएसटी में सुधार की आवश्यकता है। छोटे व्यापारियों के हितों की बात भी चुनाव मेंं उठनी चाहिए।
ग्रामीण युवा अनवरदीन मेवाती ने कहा कि मतदान का उपयोग सभी को आवश्यक रूप से करना चाहिए। इस समय हमारे जिले में पेयजल संकट पर फोकस करना होगा। युवा व्यवसायी सौरभ कालरा कहते हैं कि शिक्षा के साथ अब पानी की समस्या पर बड़ा निर्णय लेना होगा। यमुना का पानी कब तक अलवर आ जाएगा, इसकी तो समय सीमा तय करनी होगी।
प्याज के पूरे भाव मिले
बैठक में युवा आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र सैनी का कहना कि अलवर जिले के किसानों को प्याज के भाव सही मिलने चाहिए। इसके उत्पादन को बढ़ाने के लिए प्रयास करने होंगे। पूर्व बैंक अधिकारी रहे संजीव खत्री का कहना है कि बैंकों में एनपीए से अरबों का नुकसान हो रहा है। यदि कोई व्यक्ति बैंक ऋण नहीं दे रहा है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए। युवा साहिब सिंह का कहना है कि भ्रष्टाचार को रोकने और आपसी सौहाद्र्र बढ़ाने को मुद्दा बनाना होगा।
रंगकर्म को बढ़ावा दें
वरिष्ठ नाट्यकर्मी और साहित्यकार रामावतार पंडित ने कहा कि अलवर में कला व संस्कृति के विकास के लिए कला स्कूल खुले और निशुल्क किराए पर मिलने वाला ऑडिटोरियम बने। शिक्षाविद् राज गुप्ता ने कहा कि पानी की कमी को दूर करना व सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने को प्राथमिकता से लेना चाहिए। इसी प्रकार युवा हैदर अली ने कहा कि अलवर जिले में पानी की कमी विकराल हो रही है जिसको देखते हुए यहां चल रही शराब की फैक्ट्रियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
व्यवसायियों की समस्याओं को पहचाने
बैठक में समाजसेवी और व्यवसायी सतीश भाटिया ने कहा कि इस बार का चुनाव अलवर के विकास को आधार बनाकर लड़ा जाना चाहिए। जीएसटी के कारण व्यापारी बहुत परेशान हैं, इनका निराकरण किया जाए।
मत्स्य विश्वविद्यालय की खामियों को दूर करें
मंथन बैठक में सचिन यादव ने कहा कि सरकार को बेरोजगारी भत्ता समय पर देना चाहिए। मत्स्य विश्वविद्यालय संघर्ष समिति के संयोजक विष्णु चावड़ा ने कहा कि वर्तमान में मत्स्य विश्वविद्यालय का भवन नहीं है। विश्वविद्यालय को तत्काल ही 500 करोड़ का बजट आवंटित हो और नई सरकार इसकी खामियों को दूर करे। युवा संदीप ओला का कहना है कि युवाओं के लिए सरकार को रोजगार के अवसर बढ़ाने चाहिए। युवा चेतन जैमन के अनुसार मत्स्य विश्वविद्यालय में बीते दिनों हुई भर्ती में घोटाला हुआ है जिसको लेकर प्रत्याशियों से सवाल- जवाब करना होगा। इसी प्रकार युवा जितेन्द्र कोशिक का कहना है कि अलवर में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कार्य करना होगा। युवा शोएब अख्तर का कहना है कि सरकारी कॉलेजों की हालत में सुधार करना चाहिए। विश्वविद्यालय में नए कोर्स शुरू हो। स्वयं सेवी संस्था से जुड़े ललित गंगवार ने कहा कि अलवर में पेयजल की स्थिति में सुधार हो।
सुरक्षा को दी जाए प्राथमिकता
युवा चिकित्सक डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों पर चुनाव होंगे। इस बार देश की राष्ट्रीय एकता को लेकर मंथन करना होगा। शिक्षाविद् पुष्कर वर्मा का कहना है कि देश की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह चुनाव स्थानीय मुद्दों पर नहीं लड़े जाएं। बैठक में अश्वनी जावली ने कहा कि अलवर का विकास मुख्य मुद्दा रहेगा। पूर्व सैनिक रमेश यादव ने अलवर में विकास पर वोट देने की बात कही। समाजेसवी युवा अनवरदीन मेवाती ने कहा कि अलवर जिले में नशे की लत अधिक बढ़ रही है। यहां युवाओं को रोजगार के अवसर और अधिक उपलब्ध कराए जाएं। युवा गौरव शर्मा का कहना है कि अलवर की ऐतिहासिक धरोंहरों को संरक्षित और विकसित किया जाए।





No comments:
Post a Comment