Breaking News
recent

पहियों पर चलकर पहुंच रहा पानी! ताकि तर हो सूखे हलक,जानिए पूरी खबर

जैसलमेर/पोकरण. दूरस्थ गांवों व ढाणियों में भीषण गर्मी के मौसम में भी पेयजल व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए जलदाय विभाग ने कमर कस ली है। अंतिम छोर पर स्थित गांवों व ढाणियों में पेयजल आपूर्ति नहीं होने की स्थिति में जलदाय विभाग की ओर से टैंकरों से जलापूर्ति कर ग्रामीणों व पशुधन को राहत पहुंचाई जा रही है। गत दो दिनों से पोकरण व भणियाणा क्षेत्र के 85 गांवों व ढाणियों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति हो रही है।
85 गांवों व ढाणियों का चिह्निकरण
जलदाय विभाग की ओर से पोकरण व भणियाणा उपखण्ड क्षेत्र में गांवों व ढाणियों का चिह्निकरण किया गया है। इसके अलावा पशुखेलियों, पशुकुण्डों व विद्यालयों का भी चयन किया गया है, जिन स्थलों पर पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। पोकरण उपखण्ड क्षेत्र में 34 गतथा भणियाणा उपखण्ड में 51 गांव, ढाणियों, पशुखेलियों, पशुकुण्डों व विद्यालयों का चयन किया गया है, जहां भीषण गर्मी के दौरान पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इन जगहों पर टैंकरों से जलापूर्ति दो दिन पूर्व शुरू कर दी गई है।
....तो नहीं होगा पेयजल संकट
विभाग ने टैंकरों से जलापूर्ति का कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल 85 जगहों का चयन किया गया है। एक और नई सूची तैयार की जा रही है, जिसमें भी अभावग्रस्त गांवों, ढाणियों, पशुखेलियों, पशुकुण्डों व विद्यालयों का चयन किया जाएगा और शीघ्र ही उन स्थानों पर भी टैंकरों से जलाूपर्ति शुरू कर दी जाएगी। क्षेत्र में कहीं पर भी पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
-सुशीलकुमार कश्यप, अधिशासी अभियंता जलदाय विभाग, पोकरण।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.