अलवर. शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था फेल होने लगी है। डोर टू डोर कचरा संग्रहण के कार्य में ब्रेक लगने लगा है। इसे लेकर शहरवासियों की शिकायत भी आने लगी हैं। उनका कहना है कि कचरा संग्रहण के वाहन नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। खासकर यह बिखराव तब से अधिक हुआ है जब से कचरा संग्रहण का कार्य दो फर्मों में से एक को जिम्मेदारी दी है। इसके बाद से बराबर आरोप लग रहे हैं कि स्वरोजगार का प्रशिक्षण देने वाली संस्था को कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी थमा दी। इससे पहले जब दोनों फर्मों के जरिए कचरा संग्रहण हो रहा था तब सफाई व्यवस्था में काफी सुधार आया था लेकिन, पिछले कुछ दिनों से पूरे शहर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण नहीं हो रहा है। जिसके कारण सडक़ों पर व कचरा पात्रों के आसपास कचरे के ढेर दिखने लगे हैं।
कई कचरा संग्रहण वाहन ठाली
कचरा संग्रहण का कार्य दो से एक फर्म को दिए जाने के बाद कई ऑटो टिपर को चलाने वाले चालक ही नहीं है। इससे उनका उपयोग नहीं हो रहा है। ये वाहन दिन भर सूचना केन्द्र में ही खड़े रहते हैं। कई पार्षदों ने भी नगर परिषद आयुक्त को मौजूदा व्यवस्था की शिकायत की है। हालांकि नगर परिषद आयुक्त का कहना है कि जिस फर्म से काम वापस लिया है उसके बाद दूसरी फर्म को जिम्मेदारी दी है। पहले जितने ही ऑटो टिपर शहर में चल रहे हैं।
कई जगहों पर नहीं पहुंच रहे ऑटो टिपर
पार्षद विक्रम यादव ने कहा कि कई जगहों से कचरा संग्रहण नहीं होने की शिकायत नगर परिषद को दी है। उसके बावजूद भी ऑटो टिपर नहीं पहुंच रहे हैं। जिसके कारण शहर में अब वापस कचरा दिखने लगा है।
नियमानुसार बदलाव किया
हमने नियमानुसार बदलाव किया है। जिस फर्म को कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी दी है। उनके जरिए काम हो रहा है। कहीं कोई शिकायत है तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा।
फतेह सिंह मीणा,
आयुक्त, नगर परिषद अलवर





No comments:
Post a Comment