प्रतापगढ़। शहर के मंदसौर रोड पर जिला जेल के पास सोमवार देर रात को जिस युवक ने बाइक सवार तीन जनों पर गोली मारने का आरोप लगाया था दरअसल उसने अपनी प्रेमिका से झगड़े के बाद उसके फोन नहीं उठाने से नाराज होकर शराब के नशे में खुद ही अपने कंधे पर गोली मारी थी।
पुलिस ने मामले में अनुसंधान के बाद घटना के दो दिन बाद गुरुवार को इसका खुलासा किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल ने बताया कि युवक दीपक सिंह पुत्र देवीसिह राजपूत निवासी कोलवी, थाना रठाजना हाल मुकाम नानेश नगर को गोली लगी थी।
युवक को घायलावस्था में जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। घटना के बारे में सुनकर पुलिस सहित शहर के भी कई लोग अस्पताल पहुंचेे।
युवक ने पुलिस को दिए बयान में बाइक पर सवार तीन लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी करवाकर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू की लेकिन वे हाथ नहीं आए।
इधर घायल युवक को उपचार के लिए उदयपुर रैफर किया गया। पुलिस ने दीपक की रिपोर्ट के आधार पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने घटना के दिनभर के घटनाक्रम को खंगाला तो दीपक के पुलिस को गुमराह करने की बात सामने आई।
पुलिस ने बताया कि युवक का दोपहर में किसी बात को लेकर हॉस्पिटल रोड पर अपनी प्रेमिका से झगड़ा हुआ। उसके बाद उसने शाम करीब साढ़े 7 बजे अवलेश्वर फंटे पर स्थित होटल अमृत पैलेस पर अपने दो दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाया और शराब पी।
रात करीब 11 बजे वे होटल से निकले। दीपक के दोनो दोस्त अपने गांव चले गए। दीपक ने अपनी प्रेमिका को फोन किए। बार-बार फोन करने पर भी उसके फोन नहीं उठाने पर उसने नानेश नगर स्थित किराए के मकान में पहुंचकर वहां पड़ी अवैध पिस्टल से खुद के हाथ पर गोली मार दी।
इसके बाद मकान से सडक़ तक गया और पुलिस को गुमराह करने के लिए बाइक पर सवार तीन जनों पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी युवक दीपक को पुलिस को झूठी रिपोर्ट देने और अवैध पिस्टल रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।





No comments:
Post a Comment