मुकेश शर्मा / जयपुर। मानसरोवर में गार्डन के दरवाजे पर आने के बाद अगुवाई में ही कार और पांच लाख रुपए की डिमांड कर देने पर दुल्हन ने शादी करने से ही इनकार कर दिया। दुल्हन का आरोप है कि शादी से पहले ही डिमांड कर दी, बाद में क्या-क्या मांग करेंगे। दुल्हन के शादी करने से इनकार करने पर आरोप है कि दूल्हे ने स्टेज पर अभद्रता की। इसके बाद दुल्हन के पिता ने मानसरोवर थाने में धोखाधड़ी और दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि निवारू रोड स्थित राजेन्द्र नगर निवासी राजकुमार खंडेलवाल की बेटी अर्पिता की शादी स्वर्ण पथ निवासी अमित से तय हुई। 10 फरवरी को सगाई हुई और 18 अप्रेल को शादी तय कर दी। दुल्हन और उसके परिजनों ने बताया कि सब कुछ सही चल रहा था। दूल्हे के परिवार की तरफ से शादी तय हुई तब भी कोई मांग नहीं की गई। लेकिन 18 फरवरी को बारात आई और स्टेज पर दूल्हे की अगुवाई की जा रही थी, तभी दूल्हे के परिजनों ने कार और पांच लाख रुपए की मांग कर दी। समझाने पर भी कहा कि शादी तभी होगी, जब कार व पांच लाख रुपए देने होंगे। इस पर दुल्हन और उसके पिता ने शादी करने से ही इनकार कर दिया। दुल्हन के पिता ने दूल्हे पर शराब पीने का आरोप भी लगाया है।





No comments:
Post a Comment