Breaking News
recent

इंग्लिश प्रीमियर लीगः टॉप पर पहुंची मैनचेस्टर सिटी, लिवरपूल को छोड़ा पीछे

लंदन। मौजूदा इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) चैम्पियन मैनचेस्टर सिटी ने शनिवार को 31वें दौर के तहत खेले गए मुकाबले में फुल्हम को 2-0 से हरा दिया।

इस जीत के साथ ही सिटी टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। इस अहम जीत के बाद सिटी के 77 अंक हो गए हैं, जबकि दूसरे पायदान पर काबिज लिवरपूल के 76 अंक हैं।

फुल्हम के खिलाफ क्रेवन कॉटेज में खेले गए मैच में सिटी ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। इसके अलावा टीम ने मेजबान टीम की गलतियों का भी लागातार फायदा उठाया।

मैच के पांचवें मिनट में ही फुल्हम के खिलाड़ी ने अपने 18 गज के बॉक्स के पास गेंद पर से नियंत्रण खो दिया। पुर्तगाल के फारवर्ड बर्नाडो सिल्वा ने इस मौके को जाया नहीं किया और 20 गज की दूरी से गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी।

पहला हाफ समाप्त होने से पहले सिटी अपनी बढ़त को दोगुना करने में कामयाब रही। दमदार फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर सर्जियो अगुएरो ने 27वें मिनट में मौके का लाभ उठाया और गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

सिटी ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। हालांकि, वे गोल करने में कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन मौजूदा चैम्पियन की इस जीत ने लिवरपूल पर दबाव बढ़ा दिया है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.