Breaking News
recent

प्रसूताओं के लिए सुरक्षित नहीं टोंक-शिवपुरी हाइवे

सवाईमाधोपुर. टोंक-चिरगांव राष्ट्रीय राजमार्ग-552 के सवाईमाधोपुर-पाली खण्ड का निर्माण कछ़ुआ चाल से चल रहा है। ऐसे में सवाईमाधोपुर से खण्डार के बीच सड़क लम्बे समय से क्षतिग्रस्त हाल में है। इससे यात्रियों को तो परेशानी हो रही है, लेकिन खण्डार व आस-पास के क्षेत्र से प्रसव के लिए सवाईमाधोपुर लाई जाने वाली गर्भवती महिलाओं को तो यह 45 किमी की यात्रा नरक के समान हो गई है। क्षतिग्रस्त सड़क के चलते मार्ग में प्रसूताओं को खासी पीड़ा का सामना करना पड़ता है। कई बार तो उनकी जान पर बन आती है।


यह था मामला
उपखण्ड खंडार की ग्राम पंचायत क्यारदा कलां के गांव बागड़दा का मामला है। गुरुवार की रात को रास्ते में 108 एम्बुलेंस में ही किलकारी गूंज गई। प्रसूता ने नवजात को जन्म दिया। ग्रामीण बबलू गुर्जर, पारस जैन व गंगाशंकर गुर्जर आदि ने बताया कि रास्ता खराब होने के कारण एंबुलेंस को धीरे गति में लाना पड़ता है। इधर, महिला की तबीयत बिगड़ती जा रही थी। गांव से चलने के बाद तीन किलोमीटर की दूरी पर महिला की तबीयत अधिक खराब हो गई। इस पर एंबुलेंसकर्मी ईएमटी जसवंत व चालक बनवारी सोनी ने एंबुलेंस में प्रसव करवाया। महिला विद्या देवी ने एक बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद प्रसूता को खंडार के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।


एक साल में 20 प्रतिशत काम
हाइवे का गत 16 अप्रेल 2018 से निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी केवल 20 प्रतिशत ही काम पूरा हो सका है, जबकि 15 अक्टूबर 2019 तक पूरा कार्य करना है। ऐसे में 18 महीने में सड़क निर्माण कार्य को पूरा करना है।


187 करोड़ का बजट
सवाईमाधोपुर-बहरावण्डा खुर्द-शिवपुरी सड़क मार्ग का निर्माण कार्य कुल 187 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से हो रहा है। इसमें सिविल वर्क का कार्य 131.22 करोड़ रुपए है। वहीं अन्य कार्य बिजली पोल, पेड़ों की कटाई आदि शामिल है। सड़क की लम्बाई 33.9 किलोमीटर है।


फिर बारिश बनेगी बैरन
इन दिनों सवाईमाधोपुर-बहरावण्डा खुर्द-शिवपुरी सड़क मार्ग का धीमी गति से कार्य चल रहा है। ऐसे में करीब दो माह बाद फिर से बारिश का मौसम शुरू हो जाएगा। इससे फिर सड़क का निर्माण कार्य अटक जाएगा।


कार्य में ढिलाई बरतने पर गत दिनों ठेकेदार को नोटिस दिए थे। जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
वेदप्रकाश शर्मा, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जयपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.