Breaking News
recent

हर्षोल्लास के साथ मनाया बाबा का जन्मोत्सव,शोभायात्रा में झलका उत्साह

जैसलमेर/रामदेवरा. जन-जन के आराध्य लोकदेवता बाबा रामदेव का जन्मोत्सव बुधवार को बाबा रामदेव समाधि समिति की ओ रसे बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पहली बार आयोजित हुए इस कार्यक्रम में सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बाबा रामदेव का अवतरण दिवसभाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को माना जाता है। जिसके अंतर्गत प्रतिवर्ष भाद्रपद मेला भी शुरू किया जाता है और लाखों श्रद्धालु रामदेवरा आते है, लेकिन तंवर समाज के भाट बही वंशावली के अनुसार बाबा रामदेव का जन्म चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी को हुआ था। इसी को लेकर गांव में पहली बार बुधवार को चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी पर बाबा रामदेव का जन्मोत्सव मनाया गया।
निकाली शोभायात्रा, सजाई झांकी
गांव से तीन किमी दूर स्थित रुणीचा कुंआ से एक शोभायात्रा निकाली गई। गादीपति राव भोमसिंह तंवर के नेतृत्व में निकाली गई इस शोभायात्रा में सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया तथा डीजे की धुन पर दो घंटे तक नाचते गाते श्रद्धालु बाबा रामदेव की समाधि स्थल तक पहुंचे। बाबा रामदेव के जयकारे लगाते हुए सफेद रंग के कपड़े और केसरिया साफा के साथ हाथ में तलवार लिए श्रद्धालुओं का जोश एवं उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होत हुए समाधि स्थल तक पहुंची। यहां सभी श्रद्धालुओं ने सामुहिक रूप से बाबा रामदेव की समाधि पर दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बाबा रामदेव के जन्मोत्सव के मौके पर पहली बार पंचमी के दिन समाधि पर स्वर्ण मुकुट चढ़ाया गया। अलसुबह समाधि पर पंचामृत से अभिषेक के बाद आरती की गई और प्रसाद चढ़ाया गया। इस मौके पर समाधि पर विशेष रूप से पुष्पों से शृंगार किया गया।
इन्होंने की शिरकत
जन्मोत्सव के मौके पर आयोजित हुए धार्मिक कार्यक्रमों में राव भोमसिंह तंवर, विरमदेवरा राव किशोरसिंह, दिल्ली से आए हेमंत सिंघाडिय़ा, रेणुका सिंघाडिय़ा, आमसिंह, माधुसिंह, बींजराजसिंह, राणीदानसिंह, नारायणसिंह, समंदरसिंह, परमेश्वर खत्री, अभयसिंह, प्रकाशसिंह, मोतीलाल पुरोहित, आसूसिंह, आनंदसिंह, धनसिंह, सवाईसिंह, सुधीर छंगाणी, सवाईसिंह, जसवंतसिंह, भोमसिंह, बालकिशन खत्री, स्वरूपसिंह, अनिल विश्रोई, मदन कुमावत, अशोक चूरा सहित दिल्ली, बैंगलुरू, कोलकात्ता, जयपुर, जोधपुर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की और अमन, चैन व खुशहाली के लिए प्रार्थना की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.