राजलदेसर.
परसनेऊ व शीतलनगर के बीच बुधवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हैड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह के मुताबिक परसनेऊ रेलवे स्टेशन अधीक्षक सचिन ने सूचना दी कि परसनेऊ व शीतलनगर के बीच रेवाड़ी-बीकानेर पैसेजंर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। मृतक की शिनाख्त गांव आलसर निवासी करणीलाल नाई ने अपने भतीजे पंकज नाई (19) के रूप में की। हादसे के बाद ट्रेन करीब पौन घंटे तक घटना स्थल पर खड़ी रही। पुलिस ने शव को राजलदेसर की सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के मुताबिक मृतक के चाचा करणीलाल नाई ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा पंकज घर से गाय निकलने पर उसकी तलाश करने निकला था। गांव परसनेऊ-शीतलनगर के बीच रेलवे लाइन पार करते वक्त वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक एक बहन व दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह १२वीं कला वर्ग की परीक्षा दी थी। पुलिस ने मृतक के चाचा करणीलाल की रिपोर्ट पर मरग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत
सादुलपुर. सिधमुख थानान्तर्गत दयावठ सड़क पर एक नील गाय के आने से पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौत हो गई। थानाधिकारी अमित स्वामी ने बताया कि ओमप्रकाश यादव निवासी बांय तहसील तारानगर ने दर्ज मामले में बताया कि मेरा छोटा महेन्द्र सिंह (40) वर्ष मंगलवार शाम को ट्रैक्टर लेकर सिधमुख आया था। रात को वापस बांय के लिए रवाना हुआ। सिधमुख से दयावठ सड़क पर दयावठ गांव से एक किमी पहले ट्रैक्टर के सामने अचानक नीलगाय आ गई। जिसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया तथा पलटी खा गया। जिस कारण मेरा भाई ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उसके गंभीर चोटें लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंटर चालक ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक घायल
सादुलपुर. मंगलवार देर रात शहर के माता मंडी टिब्बे के पास एक ऑटो व केंटर की टक्कर में ऑटो चालक गंभीर घायल हो गया। हैड कांस्टेबल विजय सिंह ने बताया कि मंगलवार रात 11 बजे सूचना मिली कि माता मंडी के पास एक छोटा ऑटो जो हिसार सड़क की ओर जा रहा था। सामने से आए केंटर चालक ने ऑटो के टक्कर मार दी। जिसमें ऑटो चालक हरिसिंह निवासी चंगोई लिखाला गंभीर घायल हो गया। जिसे ईलाज के लिए हिसार भेजा गया। घटना के बाद कैंटर चालक फरार हो गया।





No comments:
Post a Comment