सूरवाल. करमोदा पंचायत क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक नई बस्ती स्कूल में सोमवार सुबह जेसीबी से कार्य के दौरान छत के ऊपर खड़ी गुंबदनुमा दीवार गिर जाने से दो बच्चे गंभीर घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व स्कूल परिसर को पक्का करवाने के लिए ग्रेवल डलवाई गई थी।सोमवार को इसे बिछाने व अन्य कार्य के लिए जेसीबी यहां लाई गई। जेसीबी का ऊपरी हिस्सा छत के ऊपर स्थित गुंबदनुमा दीवार में लगी रॉड़ पर लिपटी केबल में उलझ गया। इसी दौरान रॉड़ के साथ दीवार क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर पड़ी। यह दीवार स्कूल में प्रवेश कर रहे कक्षा पांच के दो बच्चों के ऊपर गिरी। इससे दिलजान पुत्र रसीद और रिहान पुत्र गुलशेर गंभीर घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई। बताया जा रहा है कि दिलजान का एक पैर तो बिल्कुल ही अलग होने की स्थिति में देखा गया जबकि दूसरा पैर फ्रेक्चर है। घायल बच्चों को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाया गया।
दिलजान की हालत गंभीर होने के कारण इसे जयपुर एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि रिहान को सवाईमाधोपुर सामान्य चिकित्सालय में उपचार के लिए ले जाया गया। उधर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय करमोदा के प्रधानाचार्य शिवदयाल ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन वे इस दौरान चुनाव के प्रशिक्षण कार्यक्रम में थे। उधर, स्कूल की प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह ने बताया कि पंचायत द्वारा जेसीबी से कार्य करवाए जाने के दौरान यह घटना हुई है। दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक रामखिलाड़ी बैरवा को घटना की जानकारी मिलते ही वे सामान्य चिकित्सालय घायल बालक से मिलने पहुंचे। बालक को अस्पताल से देर शाम छुट्टी दे दी गई थी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी। प्रधानाध्यापिका अर्चना सिंह ने बताया कि जयपुर अस्पताल में भर्ती दिलजान के पैर का चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन किए जाने की जानकारी मिली है। दिलजान के एक पैर में कई जगह गंभीर चोट आई है।
झंडारोहण की रॉड पर लिपटी थी बिजली की केबल
स्कूल में बिजलीकर्मियों की भी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि स्कूल की छत पर गुंबदनुमा दीवार से सटी रॉड का सहारा लेकर पोल पर झंडारोहण किया जाता था, लेकिन इसी रॉड पर बिजलीकर्मी केबिल को लपेट कर चले गए, जबकि उन्हें दूसरी जगह अपनी खुद की एंगल लगाकर केबल लगानी थी। यदि रॉड के केबल लिपटी नहीं होती तो यह घटना नहीं होती।





No comments:
Post a Comment